रसोई गैस मूल्य वृद्धि को लेकर वाराणसी के आमजनों में भी काफी उबाल है। गुरुवार की सुबह सामाजिक संस्था सुबह-ए-बनारस क्लब के बैनर तले लोगों ने मैदागिन स्थित भारतेंदु पार्क में विरोध-प्रदर्शन किया। संस्था के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल के नेतृत्व में लोगों ने हाथों में तख्ती बैनर एवं सिलेंडर लेकर घरेलू गैस मूल्य में बढ़े हुए दर को वापस लेने की मांग की।
मुकेश जायसवाल ने कहा कि पहले से ही खाने-पीने की चीजों में महंगाई का दंश झेल रही जनता पर जिस प्रकार से दिल्ली की चुनावी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद केंद्र सरकार द्वारा घरेलू गैस में भारी इजाफा किया गया है। इससे आम जनता में आक्रोश की भावना उत्पन्न हो रही है। ज्ञात हो कि घरेलू गैस के मूल्य में 144 रुपया की वृद्धि कर दी गई है।
पहले तो सरकार ने लोगों से घरेलू गैस में सब्सिडी छोड़ने का आग्रह किया। केंद्र सरकार के आग्रह पर कितने लोगों ने स्वतः सब्सिडी लेना छोड़ दिया। और कितने लोगों का जबरन छुड़ा दिया गया। मगर अब वही अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं। जब दिन प्रतिदिन घरेलू गैस के मूल्य में पेट्रोलियम मंत्रालय मनमानी तौर से वृद्धि करती जा रही है।
अंत में सभी लोगों ने केंद्र सरकार से घरेलू गैस में बढ़े हुए दर को जनहित में देखते हुए वापस लेने की मांग की। विरोध करने वालों में मुकेश जायसवाल, राजू यादव, नंदकुमार टोपी वाले, चंद शेखर चौधरी, अनिल केसरी, अशोक गुप्ता, राजेश केसरी, गोपाल जी यादव, रमाकांत जायसवाल, पंकज पाठक, डॉ मनोज यादव, सुनील अहमद खान, रामजी रस्तोगी, सहित कई लोग शामिल थे।