वाराणसी। राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय और चिकित्सालय में प्रशिक्षु चिकित्सकों ने मानदेय में भेदभाव का मुद्दा उठाया है। शनिवार को कॉलेज परिसर में प्रदर्शन कर सरकार से एलोपैथ के प्रशिक्षु चिकित्सकों की तरह ही 12 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिए जाने की मांग की है।
कॉलेज में बीएएमएस अंतिम वर्ष और अन्य छात्रों ने कॉलेज परिसर में शांतिपूर्ण धरना देकर अपनी आवाज बुलंद की। निदेशकों, कॉलेज के प्राचार्य, विधायक के साथ ही प्रदेश सरकार को सौंपे ज्ञापन में छात्रों ने कहा कि पांच जनवरी को सरकार ने एलोपैथ के एमबीबीएस और बीडीएस इंटर्न प्रशिक्षु का मानदेय 7500 से बढ़ाकर 12 हजार कर दिया है। आयुष इंटर्न प्रशिक्षु चिकित्सकों के मानदेय बढ़ाने पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। आयुष वालों के साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है, यह समझ से परे हैं जबकि आयुष और ऐलोपैथ चिकित्सकों का प्रवेश नीट के माध्यम से ही होता है।