बीएचयू सिंहद्वार पर कांग्रेसी और भाजपा कार्यकर्ता आमने सामने आ गए। पार्टी का झंडा टूटने पर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने बीचबचाव कर मामले को शांत कराया।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के रोड शो में नहीं आने पर राजनीति शुरू हो गई है। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन से कांग्रेस महासचिव के रोड शो के लिए तीन से पांच बजे तक की अनुमति मांगी गई थी।
दरअसल, जौनपुर में एक बजे का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित था। भाजपा के दबाव में प्रियंका गांधी के रोड शो का समय बदला गया और हेलीकॉप्टर नहीं उतरने दिया गया। इसका जवाब जनता जरूर देगी।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के आगमन को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म रहा। कुछ लोगों ने यह अफवाह उड़ाई कि जिला प्रशासन द्वारा कांग्रेस नेता के हेलीकाप्टर को उतरने की अनुमति नहीं दी, जिसकी वजह से वह नहीं आ सकीं। जिस पर डीएम ने अफवाह नहीं उड़ाने की सलाह दी।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि हेलीकाप्टर की अनुमति पीएसी रामनगर ग्राउंड हेतु आज सुबह 10 बजे एप्लीकेशन द्वारा मांगी गई थी। न्यूनतम समय में रिपोर्ट प्राप्त कर दोपहर 12 बजे कैंट विधानसभा के एआरओ द्वारा ऑनलाइन जारी कर दी गई थी।
हेलीकाप्टर को एक बजे उतरना था जो वहां अनुमति के बावजूद आया ही नहीं। नियम के अनुसार अनुमति के लिए 24 घंटे पहले आवेदन करना होता है। बावजूद इसे समय से जारी कर दिया गया था। पूरे प्रचार के दौरान एक भी हेलीकाप्टर की अनुमति को निरस्त नहीं किया गया।