वाराणसी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शिक्षक भर्ती में शून्य जनपद के अभ्यर्थियों की आवाज को उठाया है। उन्होंने शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों को राहत दिलाने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। कांग्रेस के लेटर पैड पर जारी यह पत्र सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। 17 सितंबर को प्रियंका ने अभ्यर्थियों से वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए बात की थी। उन्होंने अभ्यर्थियों से वादा किया था कि वह उनकी हर संभव मदद करेंगी। शनिवार को उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर शून्य जनपद के अभ्यर्थियों को तत्काल नियुक्ति देने की मांग की है।
उन्होंने पत्र में कहा है कि मुख्यमंत्री महोदय आज मैं आपको यूपी के बेरोजगार युवाओं की समस्याओं के बारे में पत्र लिख रही हूं। प्रदेश का युवा बहुत परेशान और हताश है। कुछ दिनों पहले ही मैंने 12460 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग पर बातचीत की। इस शिक्षक भर्ती में 24 जिले शून्य जनपद घोषित थे। यानी कि इस 24 जिलों में कोई जगह नहीं खाली थी। इन युवाओं ने परीक्षा दी और अच्छे अंकों से पास भी हुए परंतु तीन साल बीत जाने के बाद भी इन प्रतिभावन युवाओं की नियुक्ति नहीं हो पाई है। ये युवा मजबूरी में कोर्ट कचहरी के चक्कर काट रहे हैं। इनकी दर्दनाक कहानी सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ। मैं समझ नहीं पा रही हूं कि सरकार ने इनके प्रति एक आक्रामक और निर्मम स्वभाव क्यों बनाया है। जबकि यही उप्र का भविष्य बनाने वाली पीढ़ी है और सरकार इनके प्रति जवाबदेह है। मैं आपसे आग्रह करती हूं कि मानवीय संवेदनाओं को देखते हुए और युवाओं के रोजगार के हक का सम्मान करते हुए कृपया 24 शून्य जनपद के अभ्यर्थियों की तत्काल नियुक्ति कराने का कष्ट करें।