प्रतिभा को कहीं भी कैद नहीं किया जा सकता है। इस बार यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर परीक्षा परिणाम में जेल में निरुद्ध बंदियों ने शानदार प्रदर्शन किया। वाराणसी जिला जेल में निरुद्ध तीन बंदियों ने इस बात को सच करके दिखाया है।
रविवार को घोषित हुए यूपी बोर्ड के रिजल्ट में वाराणसी जिला जेल में निरुद्ध बंदी मुकेश व मनीष ने हाईस्कूल और विज्जन राम ने इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की है। तीनों ने परीक्षा को प्रथम श्रेणी में पास किया है।
रविवार की शाम जिला जेल के जेलर पीके त्रिवेदी ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में हमारे यहां से तीन बंदी बतौर परीक्षार्थी शामिल हुए थे। तीनों प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए हैं।
पूरे प्रदेश की बात की जाए तो हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में कुल 144 पुरुष बंदियों का पंजीकरण था जिनमें 99 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 60 ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। खास बात यह है कि हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का परिणाम साठ फीसदी या फिर उसके इर्द-गिर्द रहा है।