प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 22 और 23 सितंबर के प्रस्तावित काशी दौरे के कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने की कवायद तेज हो गई है। प्रस्तावित कार्यक्रमों में पीएमओ के निर्देशानुसार बदलाव किए जा रहे हैं।
अब प्रधानमंत्री सभी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास 22 सितंबर को बड़ा लालपुर से ही करेंगे। पहले दो परियोजनाओं का लोकार्पण बड़ा लालपुर में बाकी 15 परियोजनाओं का लोकार्पण और पांच परियोजनाओं का शिलान्यास डीरेका में कराया जाना था।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक पीएमओ ने लोकार्पण-शिलान्यास के सभी कार्यक्रम एक जगह कराने को कहा है। इसके मद्देनजर डीरेका इंटर कॉलेज मैदान पर प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को बड़ा लालपुर शिफ्ट कर दिया गया है जबकि 23 सितंबर को डीरेका खेल मैदान पर प्रस्तावित कार्यक्रम यथावत रखे गए हैं।
हालांकि पीएमओ की ओर से प्रोटोकाल जारी न होने के कारण उच्चाधिकारी मामले पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। उनका कहना है कि एसपीजी की विजिट के बाद पीएमओ से मिनट टू मिनट प्रोटोकाल जारी होगा। फिलहाल पूरा फोकस तैयारियों को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने पर है।
पीएमओ का निर्देश आने से पहले तक डीरेका इंटर कॉलेज में लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम के लिए बांस-बल्ली गाड़ने का काम चल रहा था। दोपहर बाद इन्हें हटाया जाने लगा। डीरेका खेल मैदान पर तैयारियां जोरों पर हैं। वाटरप्रूफ पंडाल सहित अन्य तैयारियां तेजी से मुकम्मल की जा रही हैं।
यहां प्रधानमंत्री किसान ऋण मोचन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देंगे। कार्यकर्ताओं, प्रबुद्धजनों, मुस्लिम महिलाओं से मुलाकात का कार्यक्रम निर्धारित है। वहीं, बड़ालालपुर, शाहंशाहपुर और अस्सी घाट पर भी तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है।
बांस बल्ली गाड़ने, पंडाल और मंच बनाने के साथ ही कार्यक्रम स्थलों की ओर जाने वाली सड़कें चमकाई जा रही हैं। स्ट्रीट लाइट और डिवाइडरों का रंगरोगन कराया जा रहा है। पेड़ की डालियां छांटी जा रही हैं। हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। आला अधिकारियों के साथ संबंधित विभागों के अधिकारियों की दिन भर आवाजाही लगी रही।