पिछले सप्ताह के शुरुआती दिनों से जिस तरह से तेज धूप और नम हवाओं के ना चलने से लोगों को राहत मिली थी, वहीं अब एक बार फिर पछुआ हवाओं का दबाव बढ़ने लगा है। इस वजह से गलन से राहत नहीं मिल पा रही है। शनिवार के बाद लगातार दूसरे दिन रविवार को भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अभी आने वाले दिनों में ठंड के और बढ़ने की संभावना है।
रविवार को दिन में धूप तो अच्छी रही लेकिन दिन में नम हवाएं चलती रही। इस वजह से अन्य दिनों की अपेक्षा सिहरन अधिक महसूस की। उधर शाम को भी गलन कम नहीं हुई। शनिवार के अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस की तुलना में रविवार को दो डिग्री कम 22.5 रही। इसके अलावा न्यूनतम तापमान 7.7 से कम होकर 7.5 डिग्री रिकार्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि जम्मू कश्मीर से सटे पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी की वजह से ही मैदानी इलाकों में का मौसम बदलता जा रहा है। अगले दो-तीन दिनों तक गलन बढ़ने के साथ ही तापमान में और भी कमी देखने को मिल सकती है।