राष्ट्रपति के काशी दौरे को लेकर जिला, पुलिस प्रशासन के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रोटोकॉल के अनुसार सरकारी अस्पतालों के साथ ही बीएचयू अस्पताल में भी सेफ हाउस बनाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से वाराणसी के साथ ही पड़ोसी जिला चंदौली से भी चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ की मांग की गई है।
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि राष्ट्रपति की फ्लीट में एंबुलेंस के साथ ही आयोजन स्थलों पर विशेष स्वास्थ्य टीम मुस्तैद रहेगी। नियमानुसार मंडलीय अस्पताल, दीनदयाल अस्पताल, बीएचयू अस्पताल के साथ ही जिले में कुछ निजी अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है। यहां सेफ हाउस बनाए जाने के साथ ही चिकित्सकों को जिम्मेदारी भी दी जा चुकी है। जरूरत पड़ने पर पड़ोसी जिला चंदौली से भी स्वास्थ्य कर्मियों की मांग की जाएगी।