उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के एक गांव की महिला प्रधान बेहद खुश हैं। और वह हो भी क्यों नहीं, उनके गांव की सड़क जो बनने लगी है। यह संभव हुआ बस एक पत्र से।
जी हां बदलापुर विकास खंड के चार हजार की आबादी वाली ग्राम पंचायत करनपुर की प्रधान हीरावती जायसवाल ने स्थानीय प्रशासन द्वारा सड़क, पेयजल, शौचालय आदि समस्याओं की ओर ध्यान न दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने पत्र को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को कार्रवाई करने के लिए कहा। नतीजा यह हुआ कि गांव में सड़क निर्माण शुरू हो गया और गांव को ओडीएफ बनाने की कार्यवाही भी प्रशासन ने तेज कर दी है।
ग्राम प्रधान हीरावती जायसवाल ने कुछ समय पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर पीली तथा तमूरा नाले के बीच समस्याओं को दूर करने, ग्राम करनपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, मिनी ग्राम सचिवालय, जूनियर हाईस्कूल, आवागमन के लिए सड़क, शौचालयए तथा पेयजल के लिए पानी की टंकी निर्माण की माँग की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्र को गम्भीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को कार्यवाही के लिए पत्र लिखा है। कुछ दिन पहले ही प्रशासन को प्रधानमंत्री कार्यालय से पत्र मिला। उसका असर यह हुआ कि गांव में सड़क निर्माण तथा ओडीएफ की कार्रवाई शुरू हो गई है।