महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और उससे संबद्ध कॉलेजों के पीजी दूसरे, चौथे सेमेस्टर के प्राइवेट परीक्षार्थियों का प्रैक्टिकल विश्वविद्यालय कैंपस में 28 जून से शुरू होगा। इसके साथ ही छूटे परीक्षार्थियों को भी इसमें शामिल होने का मौका मिलेगा। विश्वविद्यालय की ओर से महज एमए समाजशास्त्र की तिथि ही घोषित की गई है। बाकी विषयों में प्रैक्टिकल की तिथि पर फैसला होना बाकी है।
विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर परीक्षा समाप्त होने के बाद परीक्षार्थी प्रैक्टिकल का इंतजार कर रहे थे। परीक्षा नियंत्रक ओम प्रकाश की ओर से बुधवार को एमए, एमकॉम प्रैक्टिकल कराने का आदेश जारी कर दिया गया। बताया कि वाराणसी-चंदौली के परीक्षार्थियों की परीक्षा विश्वविद्यालय कैंपस में होगी। भदोही-मिर्जापुर का मिर्जापुर और बलिया जिले के परीक्षार्थियों का प्रैक्टिकल बलिया में ही कराया जाएगा। 28 जून को एमए समाजशास्त्र दूसरे सेमेस्टर, 29 को चौथे सेमेस्टर का प्रैक्टिकल विश्वविद्यालय समाजशास्त्र विभाग में होगा।
इसके अलावा एमए अर्थशास्त्र, एमकॉम दूसरे-चौथे सेमेस्टर, एमए हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, इतिहास/ मध्यकालीन इतिहास, उर्दू चौथे सेमेस्टर का प्रैक्टिकल संबंधित विभाग में कराया जाएगा। भदोही-मिर्जापुर में एमए, एमकॉम(समस्त विषय) के लिए जीडी बिनानी पीजी कॉलेज, बलिया के लिए मुरली मनोहर टाउन डिग्री कॉलेज को केंद्र बनाया गया है। परीक्षार्थियों को परीक्षा तिथि की जानकारी संबंधित विभाग/कॉलेज से मिलेगी। बताया कि छूटे परीक्षार्थियों को विश्वविद्यालय काउंटर पर 2000 रुपये अर्थदंड जमा करना होगा।