मड़ौली वाराणसी एन्क्लेव कॉलोनी में सुबह नौ बजे पेड़ की डाली टूटकर तार पर गिर गई। इस कारण सरकारीपुरा और मुड़ौला क्षेत्र में बिजली कटी रही। करीब दो घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। सेंट जांस स्कूल के पास पोल में करंट उतर गया, तो भट्टी फीडर में धानीपुर के पास ट्रांसफॉर्मर में खराबी की वजह से लोगों को बिना बिजली के रहना पड़ा।
राजातालाब में जक्खिनी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कई गांवों में बुधवार दोपहर एक ट्रांसफॉर्मर में खराबी से बिजली गुल हो गई। लोगों ने इसकी सूचना उपकेंद्र पर दी। इसके बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल करने में छह घंटे का समय लग गया। बारिश की वजह से शाहंशाहपुर गांव में विद्युत पोल के चारों तरफ की मिट्टी हट गई है।
इस वजह से पोल टेढ़ा होकर पिछले कई महीनों से झुका हुआ है। बारिश के बाद इसके गिरने का डर बना हुआ है। काशी विद्यापीठ की शिक्षक कॉलोनी में रहने वाली पम्मी सिंह, प्रियंका कुमारी और शशिप्रकाश सिंह ने बताया कि सुबह 11 बजे से बिजली गुल हो गई। इसकी सूचना उपकेंद्र को दी गई, लेकिन काफी प्रयास के बाद शाम छह बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।
मोबाइल टावर पर गिरी बिजली, घरों में जले कई सामान
राजातालाब। कचनार स्थित एक निजी कंपनी के मोबाइल टावर पर बुधवार को बिजली गिर गई। इससे टावर ने काम करना बंद कर दिया। इस कारण संबंधित कंपनी के मोबाइल उपभोक्ताओं का नेटवर्क बंद हो गया। बाद में लखनऊ स्थित केंद्रीय मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से स्थानीय टीम को सूचना और अलर्ट भेजा गया। कंपनी के कर्मचारियों ने पहुंचकर मोबाइल टावर की खराबी को ठीक किया।
बारिश की वजह से जिले में जिन जगहों पर फाल्ट की जानकारी मिल रही है, वहां संबंधित उपकेंद्रों के माध्यम से कर्मचारियों को भेजकर फाल्ट दुरुस्त कराया जा रहा है। अधिकारियों को भी निगरानी के लिए लगाया गया है। - एके वर्मा, मुख्य अभियंता, बिजली निगम