वाराणसी में हो रहे रोपवे के निर्माण में हर दिन बाधा आ रही है। यही वजह है कि इसका काम तेजी से नहीं हो पा रहा है। इसी क्रम में भारत माता मंदिर परिसर में रोपवे के लिए बिजली सब स्टेशन बनाने का छात्र विरोध कर चुके हैं। जिससे यह काम अटका हुआ है।
काशी में रोपवे संचालन के लिए बिजली निगम की ओर से भारत माता मंदिर परिसर में सब स्टेशन निर्माण का काम अब तक शुरू नहीं हो पाया है। सब स्टेशन के लिए जिस जगह का चयन किया गया है, उसका छात्र विरोध कर रहे हैं।
विज्ञापन
कैंट रेलवे स्टेशन के साथ ही भारत माता मंदिर परिसर में रोपवे स्टेशन बनाने का काम अंतिम दौर में है। रोपवे संचालन के लिए निर्बाध रूप से बिजली मिलती रहे, इसके लिए बिजली निगम की ओर से भारत माता मंदिर में 33/11 केवी का एक सब स्टेशन बनाने का फैसला लिया गया है। लेकिन, जिस परिसर में सब स्टेशन बनना है, वहीं पर काशी विद्यापीठ का ललित कला विभाग भी है।
इस पर छात्रों ने नाराजगी जताई है। इस वजह से सब स्टेशन निर्माण का काम अटक गया है। इस बारे में अधीक्षण अभियंता एके वर्मा का कहना है कि अब जगह को लेकर फैसला वीडीए को करना है। जगह तय होने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
विज्ञापन
सब स्टेशन से जुड़े रहेंगे रोपवे के सभी स्टेशन
भारत माता मंदिर परिसर में बनने वाले सब स्टेशन से रोपेवे के सभी स्टेशनों को जोड़ा जाएगा। यहां बिजली निगम की ओर से 5-5 एमवीए के दो पावर ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। रोपवे के संचालन के साथ-साथ स्टेशन पर बिजली आपूर्ति भी इसी से दी जानी है।