बनारस स्टेशन पर बिजली गुल, दुकानों में छह घंटे तक रहा अंधेरा
-प्लेटफॉर्म 1 से 8 तक किसी दुकान में नहीं रही बिजली, जलानी पड़ी मोमबत्ती
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्मों पर चलने वाली दुकानों में सोमवार की शाम को बिजली गुल होने की वजह से यहां अंधेरा छाया रहा। शाम चार बजे से गुल बिजली आपूर्ति दे रात तक बहाल नहीं हो सकी। कटौती का कारण प्लेटफॉर्म के ऊपरी परी हिस्से में बने कार्यालय में बिजली संबंधी फाल्ट बताया गया है। हालांकि दुकानों को छोड़कर प्लेटफार्मों और कार्यालयों सहित अन्य जगहों पर बिजली की आपूर्ति सामान्य रही।
बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म एक से आठ पर चाय, पानी, चिप्स आदि की कई दुकानें हैं। सोमवार की शाम करीब 4 बजे बिजली गुल होने की वजह से दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पहले तो उन्होंने इंतजार किया लेकिन बाद में जब कटौती का कारण जानना चाहा तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। दुकानदारों ने बताया कि प्लेटफाॅर्म 1 से 8 तक केवल दुकानों की ही बिजली क्यों कटी और सही नहीं कराई जा रही है, यह समझ से परे है। बाजार से मोमबत्ती मंगाई गई और रोशनी की गई। फ्रिज में रखे कोल्ड ड्रिंक, पानी तक ठंडा नहीं हो सके। इस बारे में बनारस रेलवे स्टेशन के निदेशक लवलेश राय ने बताया कि प्लेटफार्मों के ऊपरी हिस्से के कार्यालय की ओर जाने वाले तार में फाल्ट होने की वजह से समस्या आई। बाद में इसको दूर कराकर आपूर्ति बहाल की गई।