सारनाथ क्षेत्र में 15 घंटे गुल रही बिजली
वाराणसी। औरंगाबाद पुलिस चौकी के समीप लगे ट्रांसफार्मरों में तेज धमाके के बीच आग लग गई। इससे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। उधर सारनाथ और आसपास के इलाकों में करीब 15 घंटे बिजली गुल रही। इससे शनिवार की सुबह जलापूर्ति भी बाधित रही। इसके चलते प्रभावित इलाकों के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सारनाथ और आसपास के क्षेत्र में शुक्रवार की आधी रात बाद करीब दो बजे से बिजली गुल हो गई।
शनिवार की सुबह तक बिजली न आने से पानी संकट भी गहरा गया है। बिजली संकट से जूझते लोगों ने शक्तिपीठ उपकेंद्र समेत इलाका के अभियंताओं से संपर्क साधा तो सिर्फ आश्वासन ही मिला। पब्लिक ने पता किया तो मालूम हुआ कि संदहा, घुरहूपुर और शक्तिपीठ के पास फाल्ट होने से बिजली गुल है। एक-दो घंटे में आपूर्ति बहाल होने का आश्वासन पर आश्वासन जनता को मिलती रही। इसके चलते उमस भरी गर्मी में लोग बिलबिला गए। लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। फाल्ट दूर कर शाम करीब पांच बजे आपूर्ति बहाल की गई। एक्सईएन का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में लेढ़ूपुर व गोइठहां उपकेंद्र से बिजली देने का प्रयास हुआ। वहीं दूसरी तरफ औरंगाबाद क्षेत्र स्थित पुलिस चौकी के समीप दो ट्रांसफॉर्मर लगे हैं। देर शाम के बाद हुई स्पार्किंग के बाद तेज धमाका हुआ और ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। सूचना पर संबंधित क्षेत्र की बिजली काट दी गयी। इसके बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। ट्रांसफॉर्मर से जुड़े इलाकों की बिजली देर रात तक गुल रही।
घंटों बिजली गुल, रेल कॉलोनियों में मचा हाहाकार
वाराणसी। भिखारीपुर से कैंट रेलवे स्टेशन आने वाला बिजली का के बल लहरतारा पुल के समीप हो रही खुदाई के दौरान शनिवार को कट गया। इसके चलते रेलवे स्टेशन सहित कॉलोनियों में बिजली गुल हो गई। पूरे दिन बिजली गुल रहने के चलते पानी सहित अन्य बुनियादी समस्या से लोगों को दो चार होना पड़ा। इसको लेकर रेलकर्मचारियों में जबरदस्त रोष है।
शनिवार की सुबह बिजली का केबल कई जगह से कट गया। इससे कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से लेकर कार्यालयों में बिजली चली गई। प्लेटफार्मों पर लगे पंखे बंद हो गए। वहीं लोग गर्मी और उमस से पसीने से तरबतर नजर आए। दूसरी तरफ उत्तर रेलवे की पांच कालोनियाें में भी बिजली संकट गहरा गया। सुबह से शाम और फिर रात तक बिजली नहीं आई। ऐसे में लोगों को बूंद-बूंद के लिए तरसते देखा गया। रेलवे स्टेशन पर आरक्षण केंद्र और पूछताछ केंद्र भी बिजली कटौती के चलते प्रभावित रहा। हालांकि जरूरी सेवाओं को जनरेटर से चलाया जाता रहा। इसको लेकर कर्मचारियों में जबरदस्त रोष दिखा। कैंट रेलवे स्टेशन के लिए दो बिजली की लाइन आई है। अधिकारियों ने बताया कि केबल ऐसी जगह कटा है कि दोनों ही लाइनें प्रभावित हैं। देर रात तक इसके दुरुस्त होने की संभावना जताई जा रही थी।