वाराणसी कमिश्नरेट के मिर्जामुराद क्षेत्र के लच्छापुर गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी देवर अजीत पटेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, मृतका के पिता मुन्ना लाल पटेल की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में पति समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। हत्या के एक दिन पहले मृतका पूनम पटेल ने मायके में फोन कर प्रताड़ना की जानकारी दी थी। इसके अगले दिन आरोपी देवर ने उसकी हत्या कर दी।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय के अनुसार, आरोपी ने अपनी भाभी पूनम पटेल (32) पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। मृतका पूनम पटेल की शादी 28 जून 2020 को लच्छापुर निवासी सुजीत पटेल के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।