कोहरा : अब बिना रिफ्लेक्टर के नहीं चलेंगे ऑटो और ई-रिक्शा
कोहरे को देखते हुए ऑटो, ई-रिक्शा में रिफ्लेक्टर जरूरी है। वाहनों में आगे सफेद, पीछे लाल और दोनों साइड पीले रंग का रिफ्लेक्टर होना चाहिए। ताकि सड़क हादसों से बचा जा सके। बिना रिफ्लेक्टर के ऑटो, ई-रिक्शा सड़क पर नहीं चलेंगे। नियम नहीं मानने वाले इन वाहनों का 10 हजार तक का चालान भी होगा।
बुधवार को संभागीय परिवहन कार्यालय में सहायक संभागीय अधिकारी (प्रवर्तन) सुधांशु रंजन ने ऑटो और ई-रिक्शा, बस, ट्रक यूनियन पदाधिकारियों संग बैठक की। इस दौरान एआरटीओ सुधांशु रंजन ने यूनियन पदाधिकारियों से कहा कि ठंड और कोहरे को देखते हुए अपना और यात्रियों का बचाव करें। एक छोटी सी सावधानी बरतने से बड़े से बड़ा एक्सीडेंट टल सकता है। जीवन बहुत महत्वपूर्ण हैं, साथ ही जिन गाड़ियों पर रिफ्लेक्टर नहीं होगा, उन गाड़ियों का 10000 रुपये तक का चालान यातायात विभाग व परिवहन विभाग द्वारा किया जा सकता हैं। बैठक में भगवान सिंह, देवनंदन सिंह, सुभाष सिंह, दीपक सिंह, आनंद अग्रहरि, अजय चौबे मौजूद रहे।