फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वायुमंडल का प्रदूषण मापेगा बीएचयू

Fri, 21 Aug 2015 02:27 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
विज्ञापन
वायुमंडल का प्रदूषण मापने के लिए बीएचयू के वैज्ञानिकों ने गुरुवार को दो मानवरहित बैलून छोड़े। विभिन्न प्रकार के उपकरणों से सुसज्जित इन बैलूनों के जरिये वायुमंडल में पाए जाने वाले प्रदूषण और एरोसॉल के बारे में जानकारी और तस्वीरें उपलब्ध होंगी। बीएचयू के भौतिकी विभाग के साथ राष्ट्रीय वायुमंडलीय अनुसंधान प्रयोगशाला (अंतरिक्ष) और नासा लिंगेसी केंद्र के सहयोग से यह मुहिम शुरू की गई है। नासा की टीम बुधवार से ही बीएचयू में है।
विज्ञापन


भौतिकी विभाग के प्रो. अभय कुमार सिंह के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान के तहत गुरुवार को पहला बैलून रात 11:25 पर छोड़ा गया। आधी रात बाद करीब दो बजे दूसरा बैलून छोड़ा गया। मानवरहित इन बैलून में कई तरह के उपकरण लगे हैं। इनके जरिये वायुमंडल में पाए जाने वाले विभिन्न प्रकार के प्रदूषणों के बारे में जानकारी और तस्वीरें जुटाई जाएंगी। शुक्रवार और शनिवार को भी देर रात दो-दो बैलून छोड़े जाएंगे। 25 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान में नासा के तीन, अंतरिक्ष विभाग के पांच और भौतिक विभाग बीएचयू के सात वैज्ञानिक सहभागिता कर रहे हैं।

प्रो. अभय कुमार सिंह ने बताया कि प्लास्टिक के इस बैलून में छह विभिन्न तरह के सेंसर लगे हैं। ये बैलून वायुमंडल में 32 किमी की ऊंचाई तक जाएंगे। बैलून छोड़े जाने के दो घंटे बाद से ये नीचे आने शुरू होंगे। तीन घंटे बाद ये बैलून धरती पर आ जाएंगे। इस दौरान जीपीएस के माध्यम से बीएचयू और नासा की टीम इन बैलून को ट्रैक करती रहेगी। अलग-अलग दिशा में खोजी दस्ते लगाए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे बैलून से कतई भयभीत न हों। इससे किसी प्रकार की क्षति नहीं होगी। ये बैलून गिरें तो घबराएं नहीं बल्कि उसे इस मिशन के खोजी दस्ते को सौंप दें।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें