त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त पदों के लिए शनिवार को मतदान होगा। इसके लिए पोलिंग पार्टी मतदान केंद्र के लिए रवाना हो चुकी हैं। खंड विकास अधिकारी दिवाकर सिंह ने बताया कि सेवापुरी के नौ गांव के 41 वार्डों में चुनाव होना है, इसके लिए 10 पोलिंग पार्टियां भेजी गई हैं। शनिवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा और शाम छह बजे तक चलेगा। ग्राम पंचायत सदस्यों चुनाव के लिए सुरक्षाकर्मी पर्याप्त संख्या में तैनात कर दिए गए हैं।
उधर, सदस्य पद के लिए होने वाले मतदान के मद्देनजर काशी विद्यापीठ ब्लॉक मुख्यालय से पोलिंग पार्टियां मतदान स्थलों के लिए रवाना हुई। प्रभारी एडीओ पंचायत प्रवीण कुमार ने बताया कि विकास खंड के छह गांव कोटवां, खुलासपुर, सरहरी, भिटी, भट्ठी व महमूदपुर के 16 वार्डों के लिए छह बूथों पर मतदान होगा। कुल प्रत्याशियों की संख्या 37 है।
वहीं, चिरईगांव विकास खंड में उपचुनाव के लिए 86 मतदान केंद्रों पर शुक्रवार की शाम तक सभी पोलिंग पार्टियां पहुंच गईं। निर्वाचन अधिकारी सुबास मौर्या ने बताया कि ग्रामप्रधान पद सिरिस्ती, ग्रामपंचायत सदस्यों के 31 वार्डों और जिला पंचायत सदस्य सेक्टर चार का चुनाव होना है। चुनाव संपन्न कराने के लिए सभी 86 पोलिंग पार्टियां अपने अपने मतदान केन्द्रों पर पहुंच गईं। मतदान के बाद मतपेटिका भी ब्लाक मुख्यालय पर जमा होगी। ब्लाक मुख्यालय पर पूरे दिन बिजली नहीं होने से मतदान हेतु मतपेटी और मतपत्र लेने आये लोग पानी और गर्मी से बेहाल रहे।