भदोही जिले के गोपीगंज थानाक्षेत्र के महुआरी गांव में दबिश देने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इसमें एक एसआई और दो महिला सिपाहियों समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। सीएचसी में उनका मेडिकल कराया है।
विज्ञापन
इस मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं समेत आठ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात जंगीगंज चौकी इंचार्ज इंद्रजीत के साथ एसआई धर्मेंद्र सिंह यादव, हैदर अली, नेहा सिंह और कृति सचान समेत कई पुलिसकर्मी 12 नवंबर को दर्ज एक मुकदमे में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने गए थे।
बिरनई गांव निवासी आरोपी महुआरी में ही रहता है। पुलिस के अनुसार, सूर्यबली बिंद, राजन बिंद समेत अन्य परिजनों ने महिला कांस्टेबलों के साथ मारपीट शुरू कर दी। एसआई धर्मेंद्र यादव ने विरोध किया तो उन पर भी टूट पड़े।
इसमें चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस सूर्यबली बिंद, राजन बिंद को हिरासत में ले लिया। मारपीट में घायल एसआई धर्मेंद्र यादव, हैदर अली, नेहा सिंह, कृति सचान का मेडिकल करवाकर तीन महिलाओं समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।