पुलिस ने पकड़ी शराब और गिरफ्त में तस्कर।
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में अवैध शराब की तस्करी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शराब से भरा हुआ एक डीसीएम ट्रक जब्त किया। साथ ही पुलिस ने तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
वाराणसी के रोहनिया थाना प्रभारी निरीक्षक परशुराम त्रिपाठी को मुखबिर से सूचना मिली कि एक डीसीएम ट्रक में अवैध शराब लदी है, जो हरियाणा से बिहार जा रहा है। थाना प्रभारी की सूचना पर अखरी चौकी के उपनिरीक्षक नीरज ओझा ने लठिया में वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद डीसीएम आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो तेज गति से पुलिस को दबाने का प्रयास कर भागने लगा।
पुलिस ने डीसीएम की घेराबंदी कर उसे रोक लिया। जांच की तो अंदर 460 पेटी अवैध शराब रखी हुई थी। इसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये है। शराब की बोतल पर रोमियो व्हिस्की सेल इन अरुणाचल प्रदेश लिखा हुआ था। साथ ही गाड़ी के अंदर दो फर्जी नंबर प्लेट रखी हुई थी। पुलिस ने अबोहर फाजिल्का पंजाब निवासी राकेश कुमार और सुनील को गिरफ्तार कर लिया है।