वाराणसी। सावन में कांवड़ मार्ग को सुगम बनाने के लिए अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा के निर्देश पर जिले के 16 स्थानों से अतिक्रमण हटवाए गए। इसके साथ ही सड़क पर बेतरतीब खड़े 64 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 73500 रुपये का चालान वसूला गया। 38 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ 34 पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
इसके साथ ही सभी थाना प्रभारी और यातायात पुलिस के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क पर कहीं भी अतिक्रमण हुआ तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित क्षेत्र के अधिकारी की होगी। पुलिस ने काशी जोन के बुलानाला, भदऊ तिराहा, चेतगंज से बेनिया तिराहा, अमर उजाला तिराहा से लकड़ी मंडी तक, जवाहर नगर से इंग्लिशिया लाइन, रोडवेज, चौकाघाट पानी टंकी से नक्खी घाट, नक्खी घाट से बकरिया कुंड तक सड़क खाली कराया। वरुणा जोन के पुरानी चुंगी से शिवपुर रेलवे फाटक, पांडेयपुर से पंचक्रोशी, मार्कंडेय महादेव कैथी मार्ग, गांधी तिराहा, रोहनिया मार्केट, मड़ौली मार्ग, मुड़ैला तिराहा से अतिक्रमण हटवाया गया। इसके अलावा गोमती जोन के मुढ़ैला तिराहा, बड़ागांव बाजार, कैथीली से सगुनहा तक, कछवां रोड से एनएच 19 सर्विस रोड और जंसा चौराहे से रामेश्वर मार्ग तक अतिक्रमण हटवाकर सड़क खाली कराई गई। संवाद