काशी स्टेशन से पांच वर्षीय बच्ची की अगवा करके हत्या के मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। सीसी कैमरों की जांच के बाद आठ संदिग्धों से पूछताछ की गई। साथ ही संदिग्धों के डीएनए जांच का फैसला हुआ नमूना भी डीएनए फॉरेंसिक लैब प्रयागराज भेज दिया गया। डीसीपी काशी आरएस गौतम ने कहा कि बच्ची से हैवानियत करने वाले बच नहीं पाएंगे।
डीएनए जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। काशी रेलवे स्टेशन से 14 अगस्त की रात मां-बाप के बीच सो रही बच्ची अगवा कर ली गई थी। 15 अगस्त की सुबह उसका शव राजघाट स्थित मालवीय पुल के ढलान के समीप झाड़ी में मिला था। दुष्कर्म के प्रयास की भी आशंका जताई गई थी। पीड़ित मां-बाप चंदौली के मुगलसराय की रेल कॉलोनी क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पूरा परिवार बनारस आकर दोना-पत्ता बेचने का काम करता है। डीसीपी काशी ने बताया कि मासूम के साथ हुई घटना को गंभीरता से लिया गया है। सीसी कैमरे की जांच से संदिग्धों की पहचान की गई है। सब बच्ची के आसपास दिखे हैं। पूछताछ के बाद स्वास्थ्य विभाग की मदद से डीएनए जांच के लिए नमूने लिए गए। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।