केरल से लेकर लखनऊ, नई दिल्ली के पीएफआई के बड़े पदाधिकारियों के नंबर भी हो सकते हैं। डिलीट हुए डेटा को भी रिकवर कराने के लिए फोरेंसिक और साइबर सेल की मदद ली जाएगी। विवेचक के रूप में एसीपी भेलूपुर प्रवीण कुमार सिंह ने दोनों को शाम पांच बजे जिला जेल को सौंपा।
पीएफआई के संदिग्ध दो सदस्यों को पुलिस ने अलावल क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम छापा मारकर हिरासत में लिया। दोनों के बारे में पुलिस को सूचना है कि वह पीएफआई के लिए काम करते हैं। रोहनिया, जंसा और लोहता थाने की फोर्स संग सीओ सदर अभिषेक पांडेय ने अलावल स्थित दो मंजिला मकान में छापा मारा। फोर्स ने दो मंजिला मकान को घंटे भर तक खंगाला। कुछ दस्तावेज और अन्य सामान भी पुलिस के हाथ लगे हैं।
गुप्त स्थान पर रखकर दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों युवक ऑनलाइन चाय पत्ती बिक्री का कारोबार करते हैं। इसके अलावा इन दोनों पर पीएफआई के लिए भी काम करने का आरोप है। फिलहाल इसकी जांच की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद ही कुछ स्पष्ट किया जा सकता है। उधर, कस्बे में पुलिस की भारी फोर्स और कार्रवाई को लेकर लोग भयभीत हो गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पूछताछ के लिए दो युवकों को हिरासत में लिया गया है।