दोनों पक्षों चलें ईंट-पत्थर, पहुंची पुलिस।
- फोटो : संवाद
पुलिस के अनुसार, लोढ़ान गांव स्थित रिंग रोड के पास 16 बिस्वा जमीन का मामला वर्ष 2019 से न्यायालय में चल रहा है। संबंधित भूमि पर कोर्ट का स्टे भी बताया जा रहा है। आरोप है कि रविवार सुबह करीब 11:30 बजे प्रथम पक्ष के अतुल उपाध्याय, पुत्र गिरजा शंकर उपाध्याय अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और कथित रूप से निर्माण कराने का प्रयास किया।
इसकी सूचना मिलते ही दूसरा पक्ष अजीत करीब 30 से 40 समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच जमीन के स्वामित्व और निर्माण को लेकर तीखी बहस हुई। स्थिति बिगड़ती देख किसी स्थानीय व्यक्ति ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास करने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष फिर भिड़ गए और एक-दूसरे पर पथराव किया। इसी दौरान भीड़ में मौजूद किसी व्यक्ति ने फायरिंग कर दी। इस दौरान रविकांत उपाध्याय के हाथ में गंभीर चोट आई, जबकि दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति के सिर में चोट लग गई।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार और मेडिकल परीक्षण कराया गया। मौके पर पुलिस अधिकारियों ने जांच की। दो राउंड गोली चलने की बात सामने आई।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस ने खंगाली
घटना के बाद शिवपुर थाने की अतिरिक्त पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और वहां से दो खोखे बरामद किए। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि फायरिंग करने वाले की पहचान की जा सके।
एक पक्ष की तहरीर मिली है। मेडिकल रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। फायरिंग करने वाले और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। - अजीत वर्मा, थाना प्रभारी शिवपुर