अंडमान निकोबार से महाकुंभ स्नान करने पहुंचे श्रद्धालु का पर्स और मोबाइल फोन चोरी हो गया। पर्स में रखे डेबिट कार्ड से 40 हजार रुपये निकाल लिए। साथ ही 55 हजार से ज्यादा रुपये की खरीदारी कर डाली।
अंडमान निकोबार के विजयपुरम, अबेरदीन निवासी एक श्रद्धालु का पर्स और मोबाइल फोन प्रयागराज के महाकुंभ में चोरों ने चुरा लिया। इसके बाद डेबिट कार्ड से 40 हजार रुपये निकाल लिए। साथ ही 55239 रुपये की खरीदारी की। अब उनके मोबाइल फोन से रिश्तेदारों को फोन कर चोर पैसे मांग रहा है।
विज्ञापन
भुक्तभोगी की तहरीर पर लोहता थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। राकेश कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि सोमवार को प्रयागराज के संगम तट से उनका बैग चोरों ने चुरा लिया। बैग में पर्स और मोबाइल फोन था।
डेबिट कार्ड से प्रयागराज के अलग-अलग एटीएम से तीन बार में 40 हजार रुपये निकाले गए। प्रयागराज से ही आभूषण की एक दुकान से 55 हजार रुपये का सोने का गहना खरीदा गया। 239 रुपये का कुछ और सामान भी खरीदा गया। लोहता थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि बाहर से आए श्रद्धालु की परेशानी को देख कर जीरो एफआईआर दर्ज की गई है।