वाराणसी में पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू होने के बाद मजिस्ट्रेट के पद कम किए जाएंगे। अपर जिलाधिकारी से लेकर अपर नगर मजिस्ट्रेट तक के पदों में कटौती की संभावना है। उम्मीद जताई जा रही है कि कानून व्यवस्था में लगे अफसरों को अब विकास कार्यों में लगाया जाएगा।
दरअसल, वाराणसी में अपर जिलाधिकारी के चार पद हैं। इसमें अपर जिलाधिकारी नगर, प्रशासन, वित्त एवं राजस्व और नागरिक आपूर्ति का पद शामिल हैं। इसके अलावा शहर के थानों के लिहाज से पांच अपर नगर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। माना जा रहा है कि अपर जिलाधिकारी नगर का पद यहां से समाप्त हो जाएगा। इसके अलावा अपर नगर मजिस्ट्रेट के पदों में कमी के साथ उनकी तैनाती नगर निगम और विकास प्राधिकरण में की जा सकती है। धारा 144 से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़े ज्यादातर काम अब सीधे पुलिस के जरिए ही होंगे।
अफसरों के 16 आवास का प्रस्ताव शासन को भेजा
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने अधिकारियों के 16 आवास के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा है। पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू होने के बाद अधिकारियों के आवास की कमी पड़ेगी। ऐसे में सर्किट हाउस और जिलाधिकारी आवास के पास की सरकारी जमीन पर इन आवासों के निर्माण का प्रस्ताव है।