उप निरीक्षक रैंक के कर्मचारियों के लिए टाइप-02 के मकानों का 70 फीसदी कार्य पूरा
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। शासन से स्वीकृत 98 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने आधारभूत सुविधाओं और निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लेते हुए दिशा-निर्देश दिए। स्वच्छता, अनुशासन, अनुरक्षण और संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन पर विशेष बल दिया। रेडियो शाखा परिसर में गंदगी पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त कर सफाई की कड़ी चेतावनी दी। पुलिस लाइन परिसर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए आंतरिक मार्गों पर स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए गए। सरोवर के संरक्षण, सुंदरीकरण और पर्यावरणीय विकास के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बताया कि पुलिस लाइन के सामने कमिश्नरेट भवन के लिए 64 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था और अपराध सहित सभी राजपत्रित अधिकारियों के लिए 32 मकानों को भी मंजूरी मिली है, जिसके लिए 34 करोड़ रुपये का बजट है। वीआईपी ड्यूटी पर आने वाले राजपत्रित अधिकारियों के ठहरने के लिए छह कमरों वाले ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण भी स्वीकृत है। उप निरीक्षक रैंक के कर्मचारियों के लिए टाइप-02 के मकानों का 70 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है।
पुलिस लाइन में डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से मीटिंग हॉल, 100 कर्मचारियों के लिए बैरक और 500 कर्मचारियों की ब्रीफिंग के लिए सभागार का निर्माण कराया गया है। बैडमिंटन कोर्ट का जीर्णोद्धार भी किया गया है। आयुक्त ने क्रिकेट ग्राउंड में फ्लड लाइट और मेस में ऑटोमेटिक रोटी मेकिंग प्लांट स्थापित करने के निर्देश दिए। चिल्ड्रेन पार्क, परेड ग्राउंड, आदर्श बैरक और आरओ प्लांट के नियमित रखरखाव पर भी बल दिया गया। उन्होंने इन सभी सुविधाओं के बेहतर अनुरक्षण और व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।