सोनभद्र जिले में दहेज में दस लाख रुपये और अन्य सामान के लिए विवाहिता को तीन तलाक की धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने बुधवार को पति समेत पांच के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर लिया। सीओ सदर राजकुमार तिवारी ने बताया कि जांच में दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती की शादी 25 दिसंबर 2017 को चंदौली जिले के मो. आसिफ के साथ हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि पति और उसके परिवार वाले अक्सर किसी न किसी बात को लेकर उसकी पिटाई करते हैं। उससे दहेज में दस लाख रुपये और कार लाने के लिए कहते हैं। न लाने पर तलाक की धमकी देते हैं।
गर्भ में पल रहे बच्चे को नुकसान पहुंचाने के लिए दवा भी खिलाते हैं। इसके बाद पीड़िता ने मायके पहुंच कर माता-पिता को जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति मो. आसिफ खान, सास वजिदा बेगम, देवर मो. आशिफ खान, ससुर फिरोज खान और ननद शहिना सिद्दीकी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।