Varanasi News: वाराणसी जिले के सिंधौरा थाना क्षेत्र में पान दुकानदार को गोली मारने के मामले में अज्ञात बदमाशों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। थाने की
पुलिस को दुकानदार के बेटे से सूरत में विवाद करने वाले एक युवक पर शक है।
सिंधौरा थाने में मरुई गांव निवासी पान दुकानदार सुरेंद्र मौर्या पर फायरिंग करने के मामले में अज्ञात बदमाश के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। सिंधौरा थाने की पुलिस बदमाशों को चिह्नित करने के लिए सिंधौरा से भोजूबीर मार्ग पर लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को शंका है कि दुकानदार के बेटे से सूरत में विवाद करने वाले इलाके के ही एक युवक ने फायरिंग की थी। पुलिस उस युवक की भी तलाश कर रही है।
विज्ञापन
सिंधौरा थाना क्षेत्र के मरुई निवासी सुरेंद्र मौर्या की चाय-पान की दुकान उनके घर के समीप है। रविवार की रात लगभग आठ बजे बाइक सवार तीन युवक उनकी दुकान के सामने सिंधौरा की ओर से आए। उनमें से एक युवक ने सुरेंद्र को लक्ष्य कर फायरिंग की।
संयोग अच्छा था कि असलहे से निकली गोली सुरेंद्र के बाएं हाथ की अनामिका अंगुली में लगी। इसके बाद तीनों युवक भोजूबीर की ओर भाग गए। उधर, इस संबंध में डीसीपी गोमती जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हुआ है। पुलिस की दो टीमें जांच कर रही हैं। फायरिंग करने वाला और उसके साथी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।