Varanasi News: जिले के राजातालाब में कांवड़ यात्रा की घटना को लेकर अफवाह फैलाने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि घटना को तोड़-मरोड़ कर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही है।
वाराणसी जिले के राजातालाब थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान एक कांवड़ यात्री एवं स्थानीय दुकानदार के बीच मारपीट मामले में सोशल मीडिया पर गलत अफवाह फैलाने पर सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ राजातालाब थाने में संबंधित आरोपों में केस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
ये है पूरा मामला
डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया की कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स द्वारा इस घटना को तोड़-मरोड़ कर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जिससे जनमानस में भ्रम एवं तनाव फैलाने का प्रयास किया गया है। इस संबंध में चिह्नित सोशल मीडिया हैंडल्स के विरुद्ध थाना राजातालाब पर संबंधित आरोपों के तहत केस दर्ज किया गया है।
यह पूरा घटनाक्रम एक सामान्य बाजार क्षेत्र का है। इसमें कहीं भी आगजनी, तोड़फोड़, घेराव अथवा घर में जबरन घुसने की कोई घटना नहीं हुई है और बुलडोजर कार्यवाही की बात भी पूर्णतः असत्य है।
पुलिस द्वारा सभी पहलुओं की गहनता से विवेचना की जा रही है। साथ ही, आमजन से अपील की जाती है कि किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। सत्य एवं प्रमाणित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही जारी रहेगी।