बिहार के गया जिले में आमस से सोमवार को दस लाख के इनामी नक्सली कुंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। कुंदन महिला साथी का इलाज कराने पीएचसी पहुंचा था। उससे पूछताछ चल रही है। आमस पीएचसी में नक्सली के आने की सूचना पुलिस के अधिकारी को मिली।
पुलिस व सुरक्षाबलों ने सादे लिबास में अस्पताल की घेराबंदी की। भनक मिलने पर नक्सली ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने कुंदन को पकड़ लिया। उसे औरंगाबाद जिले के मदनपुर सीआरपीएफ कैंप ले जाया गया।
एसएसपी राजीव मिश्रा ने बताया कि कुंदन यादव संगठन का शीर्ष लीडर है। उस पर झारखंड सरकार ने दस लाख इनाम रखा है। उन्होंने कुंदन की महिला साथी के बारे में कुछ भी बताने से इनकार किया।
गौरतलब है कि जिले में नक्सली संगठन भाकपा माओवादी का पीएलजीए दस्ता 18 वीं वर्षगांठ मना रहा है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि इसमें शामिल होने आए नक्सलियों में से महिला साथी की तबीयत खराब होने पर पीएचसी लाया गया था।
नक्सलियों पर रहेगी तीनों जिलों के पुलिस की नजर
मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के राजगढ़ चौकी पर नक्सल प्रभावित जनपद चंदौली, सोनभद्र व मिर्जापुर के नक्सल प्रभावित थानों, क्षेत्राधिकारियों व उपजिलाधिकारियों की संयुक्त बैठक एएसपी ऑपरेशन एके सिंह के निर्देशन में राजगढ़ पुलिस चौकी पर आयोजित की गई।
एएसपी मिर्जापुर के निर्देशन में नक्सल प्रभावित थानों, उनके प्रभारियों को विशेष रूप से सतर्कता बरतने, जंगलों में पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए। नक्सल गतिविधियों के बारे में लोगों को सावधान करने के संबंध में भी चर्चा की गई। ठंड का मौसम शुरू होते ही बिहार, छत्तीसगढ़ एवं झारखंड राज्यों से नक्सली मूवमेंट उत्तर प्रदेश की ओर देखा जाता है।
इसमें चंदौली सहित सोनभद्र, मिर्जापुर के जंगली क्षेत्रों में अक्सर नक्सलियों की सक्रियता देखी जाती है। इसके मद्देनजर पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार इस वर्ष पहले से पुलिस ने अपनी कमर कस ली है।
पुलिस ने प्रत्येक क्षेत्र में मुखबिरों को लगा दिया गया है ताकि कोई भी शहरों, बाजारों, कस्बों व जंगल से सटे हुए गांवों में बंदूकधारी या संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो उनकी सूचना तत्काल पुलिस को मिल जाए। अपने क्षेत्रों में कोई अप्रिय घटना घटने न पाए, इसके लिए सावधानी के तौर पर नक्सल की गुप्त मीटिंग सोमवार को राजगढ़ पुलिस चौकी पर की गई।