डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने कहा कि जीएमएएम इंटर कालेज में स्थिति सामान्य कर पठन-पाठन बहाल करने के लिए एसडीएम और सीओ सभी पक्षों की बैठक कर वार्ता करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि त्यौहारों की छुट्टी के बाद सभी पक्षों की सहमति से स्कूल खुल जाएगा। इसके लिए प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक और गणमान्य लोगों से वार्ता की जाएगी।
डीएम ने कहा कि कॉलेज के प्रार्थना सभा में राष्ट्रगान आदि न कराने संबंधी डीआईओएस से जांच कराई गई। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कॉलेज में राष्ट्रगान होने की पुष्टि भी की। उन्होंने बताया कि प्रधानाचार्य ने उन्हें जानकारी दी कि मामले में प्रार्थना सभा के दौरान शिक्षक संजय पांडेय को राष्ट्रीय प्रतीकों के उद्घोष की जिम्मेदारी दी गई।
पढ़ें : डीएम ने कहा- कॉलेज में बोर्ड पर लगाइए नोटिस, वंदेमारतम और भारत माता की जय बोलना सबका कर्तव्य
एक सवाल के जवाब में डीएम ने कहा कि कॉलेज प्रशासन ने छात्रहित के मद्देनजर शांति बहाली को लेकर स्वेच्छापूर्वक कॉलेज बंद कर दिया। उन्होंने कॉलेज प्रशासन को स्कूल खोलने पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराते हुए शैक्षिक माहौल दुरुस्त करने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि कॉलेज की मान्यता संबंधी जांच शिक्षा विभाग के अधिकारी करेंगे।