प्रदेश सरकार के प्रतिबंध के बावजूद वाराणसी में पान मसाला की बिक्री बड़े पैमाने पर चोरी-छुपे जारी है। मंगलवार को इंस्पेक्टर कोतवाली महेश पांडेय ने छह लाख रुपये के पान मसाला के साथ दो लोगों को कतुआपुरा इलाके से हिरासत में लिया।
इंस्पेक्टर महेश पांडेय ने बताया कि एक व्यक्ति पान मसाला बेच रहा था। साथ ही मनमाना दाम वसूल रहा था। मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे पकड़ा गया तो पता लगा कि वह पान मसाला के एक बड़े स्टॉकिस्ट से माल खरीद कर बेच रहा है।
लॉकडाउन में पान मसाला की बिक्री पर प्रदेश सरकार ने प्रतिबंध लगा रखा है। छापा मार कर लगभग छह लाख रुपये का पान मसाला जब्त किया गया है। मौके पर वाणिज्य कर विभाग की टीम बुलाई गई है। स्टॉक रजिस्टर आदि का मिलान करने के बाद दुकानदार और स्टॉकिस्ट के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा, फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है।