गाजीपुर जिले के एक गांव में रविवार को एक बार फिर ईसाई मिशनरी की प्रार्थना सभा को पुलिस ने रोक दिया। साथ ही उसके संचालक को हिरासत में लेने के बाद पूछताछ करने के लिए थाने ले आई। पुलिस ने यह कार्रवाई अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा की सूचना पर की।
क्षत्रिय महासभा युवा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह का आरोप है कि ईसाई मिशनरी द्वारा धर्मसभा और प्रार्थना सभा के माध्यम से धर्मांतरण का कार्य लंबे समय से किया जाता रहा है, लेकिन जनपद में यह मामला प्रकाश में आने के बाद अब अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा ने ऐसा न होने देने का संकल्प लिया है।
क्षत्रिय महासभा युवा के सदस्य इस पर पैनी नजर रखे हुए हैं। उनका आरोप है कि ईसाई मिशनरी गरीबों और निर्धनों को लालच देकर उनका धर्म परिवर्तन करा रहे हैं। इसका विरोध समय-समय पर किया जाता रहा है। रविवार को इसकी सूचना मिलते ही महासभा के सदस्य और पदाधिकारी ग्रामसभा मनोरथपुर पहुंचे।
पिछले कुछ दिनों से ग्रामीणों द्वारा शिकायत की जा रही थी की, मनोरथपुर ग्रामसभा में गोविंद राम के बेटे बैजनाथराम के द्वारा ईसाई मिशनरी के साथ धर्मसभा के माध्यम से धर्मांतरण का कार्य किया जा रहा है। कई बार पुलिस से इसकी शिकायत की गई थी, लेकिन इसे रोकने की कोई कार्रवाई नहीं हुई।