ट्यूशन पढने जा रही एक छात्रा का अपहरण कर उससे जबरदस्ती शादी करने वाले आरोपी पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अंकुश कुमार को देवाटन चौराहे के समीप पकड़ने के बाद पूछताछ करने के बाद पुलिस उसके फरार साथियों को पकड़ने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की।
26 जुलाई की दोपहर करीब दो बजे सोनभद्र जिले के कोन थाना क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग छात्रा कोचिंग में पढने के लिए जा रही थी। रास्ते में मनचलों ने किशोरी का अपहरण कर बोलेरो से फरार हो गए थे। 27 जुलाई की भोर में मनचलों ने किशोरी को कोन में ले जाकर छोड़ दिया। इसके बाद फरार हो गए।
पीड़िता ने घर जाकर परिजनों को बताया कि उसी के गांव के रहने वाला एक युवक अपने साथियों के साथ उसका अपहरण कर वैष्णो मंदिर डाला में ले जाकर उसके साथ शादी की। इसके बाद वे लोग उसे छोड़ कर फरार हो गए।
पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अंकुश समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ अपहरण समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर खोजबीन शुरू की। बुधवार की अलसुबह देवाटन चौराहे के समीप चाची कला चौकी पुलिस ने मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया। इस घटना से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है।