वाराणसी। विवादों और मुकदमेबाजी को लेकर अकसर सुर्खियों में रहने वाले छावनी क्षेत्र स्थित द प्रभु नारायण यूनियन क्लब के पदाधिकारियों पर रविवार को कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। क्लब के प्रबंधक ने अध्यक्ष, सचिव सहित अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ सात लाख नगद और तीन लाख रुपये मूल्य की शराब जबरन उठा ले जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।
पीएनयू क्लब के प्रबंधक संजय खरे ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया था। संजय के अनुसार क्लब के अध्यक्ष, सचिव सहित अन्य पदाधिकारी साजिश रच कर 17 मई 2019 की शाम सदस्यों की फीस के सात लाख रुपये और तीन लाख रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब जबरन उठा ले गए। इसकी जानकारी होने पर संजय 20 मई को क्लब गए तो उनके साथ गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। प्रकरण को लेकर कैंट थाने में तहरीर देने पर कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने एसएसपी से गुहार लगाई। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट आशुतोष कुमार ओझा ने बताया कि तहरीर के आधार पर पीएनयू क्लब के अध्यक्ष अशोक वर्मा सहित 14 नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।