कछवा रोड (वाराणसी)। नेशनल हाईवे दो पर भीखीपुर गांव में रविवार शाम बोलरो की टक्कर से बाइक सवार दंपति की मौत हो गई। साथ ही बोलेरो में फंस कर बाइक लगभग 50 मीटर तक घिसटाती चली गई और उसमें आग लग गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने आग बुझाई और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। हादसे के कारण वाराणसी-प्रयागराज मार्ग पर आधा घंटे से ज्यादा समय तक आवागमन बाधित रहा।
मिर्जामुराद पुलिस के अनुसार, बाइक सवार दंपति ने हेलमेट नहीं पहन रखा था और सिर में लगी गंभीर चोट उनकी मौत की वजह बनी। भदोही के ज्ञानपुर कोतवाली के खरकपुर (डबका) के मूल निवासी सुनील कुमार दीक्षित (54) और उनकी पत्नी सीता दीक्षित(49) तीन बच्चों के साथ मड़ौली क्षेत्र में रहते थे। सुनील और सीता पल्सर बाइक से नागपंचमी मनाने के लिए भदोही स्थित अपने घर जा रहे थे। भीखीपुर गांव में एक वाहन को ओवरटेक करने के दौरान सुनील की बाइक सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो से जा टकराई। हादसे में सुनील और सीता की मौके पर ही मौत हो गई। इंस्पेक्टर मिर्जामुराद वैभव सिंह ने बताया कि बोलेरो में जौनपुर जिले के चंदवक क्षेत्र के दर्शनार्थी सवार थे। बोलेरो छोड़ कर चालक भाग निकला है।
000
सेंट्रल बार के पूर्व अध्यक्ष का चालक था सुनील
सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राधे मोहन त्रिपाठी ने बताया कि सुनील उनके घर पर अपने परिवार के साथ दो दशक से ज्यादा समय से रह रहा था और उनका वाहन चलाता था। उन्होंने सुनील और उसकी पत्नी की मौत पर शोक संवेदना जताते हुए पीडि़त परिवार को ढांढस बंधाया।