पीएम के संसदीय क्षेत्र में केंद्रीय योजनाओं की धीमी गति पर पीएमओ ने नाराजगी जताई है। नई दिल्ली में गुरुवार को विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान पीएम के प्रमुख सचिव नृपेंद्र मिश्र ने साफ कहा कि हृदय, आईपीडीएस सहित जितनी योजनाएं संचालित हैं, उनका काम समय से और मानक के अनुरूप कराएं।
काम में लापरवाही बरतने वाले अफसरों पर कार्रवाई करें। शहरी विकास मंत्रालय की ओर से संचालित सड़क, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, सफाई, आईपीडीएस, कला, साहित्य एवं धरोहर संरक्षण के कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए पीएमओ ने मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण, डीएम योगेश्वर राम मिश्रा और नगर आयुक्त डॉ. नितिन बंसल को तलब किया था।
जिले के तीनों आला अधिकारियों ने विकास कार्यों की प्रगति का लेखा-जोखा पीएमओ के सामने रखा। प्रोजेक्टर के माध्यम से भी उन्हें दिखाया गया। पीएमओ के अधिकारियों ने जिले के अफसरों से कहा कि ‘हृदय’ के तहत होने वाले काम में जो भी शिकायतें आ रहीं हैं, उन्हें दूर किया जाए।
काम में मानक का ख्याल न रखने वालों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने आईपीडीएस के अधिकारियों से कहा कि जो सड़कें ‘हृदय’ योजना में शामिल हैं, वहां भूमिगत केबिल बिछाने का काम इसी साल दिसंबर तक पूरा करें।
इस दौरान तीनों अधिकारियों ने दीनापुर में बन रहे सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण में आ रही धन की कमी की समस्या भी पीएमओ के अफसरों के सामने रखी। बताया कि 170 करोड़ के प्रोजेक्ट में अब तक 98 करोड़ रुपये ही मिले हैं।
इस पर पीएमओ के अधिकारियों ने कहा कि प्रस्ताव बनाकर रिवाइज इस्टीमेट भेजें, धन जारी किया जाएगा लेकिन काम में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।