अपने लाल का शव सामने देख बिलख पड़े परिजन
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के सेंट्रल जेल रोड स्थित सनबीम स्कूल वरुणा की छत से गुरुवार की दोपहर संदिग्ध हाल में 12वीं का छात्र प्रशांत पांडेय (17) नीचे जा गिरा। ब्वायज हॉस्टल बिल्डिंग के पीछे लहूलुहान पड़े प्रशांत को देख हॉस्टल के ही एक छात्र ने शोर मचाया।
मौके पर पहुंचे स्कूल के कर्मचारी प्रशांत को आननफानन में एक निजी अस्पताल ले गए। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान शाम को प्रशांत की मौत हो गई।
आला अधिकारियों के निर्देश पर रात में ही पोस्टमार्टम कराकर शव परिवारीजनों को सौंप दिया गया। प्रशांत के पिता प्रजेश कुमार पांडेय दीवानी कचहरी में सहायक अभियोजन अधिकारी के पद तैनात हैं। दो बेटों में बड़े प्रशांत की मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
घटना के बारे में कोई कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं था। वहीं, स्कूल प्रबंधन का कहना है कि घटना क्यों हुई, यह समझ से परे है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि वह गिरा या गिराया गया।
पुलिस इस पहलू पर भी काम कर रही है कि इसके पिछे कहीं ‘ब्लू व्हेल’ जैसे खतरनाक ऑनलाइन गेम तो नहीं। इसकी तह तक पहुंचने के लिए पुलिस पता लगा रही है कि प्रशांत स्मार्ट फोन उपयोग करता था या नहीं।
यदि वह मोबाइल का उपयोग करता था तो आखिरी बार उसकी किससे बात हुई थीं। उसकी पूरी कॉल डिटेल की पड़ताल की जाएगी।
मूलत: गाजीपुर निवासी प्रशांत के परिवारीजनों की ओर से गुरुवार की देर रात स्कूल प्रबंधन के खिलाफ तहरीर दी गई। जिसके आधार पर स्कूल प्रबंधक और कर्मचारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया।