प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बनारस दौरे लेकर कबीर नगर कॉलोनी के लोग उत्साहित हैं। यहां केंद्र की आईपीडीएस योजना के तहत बिजली के तार भूमिगत कर दिए गए हैं। लटकते और नंगे तारों को हटा दिया गया है। कॉलोनी में हेरिटेज लुक वाले नए लैंप पोस्ट लगाए जा रहे हैं। कॉलोनी में प्रधानमंत्री 22 दिसंबर को भूमिगत बिजली व्यवस्था के इंफ्रास्ट्रक्चर का उद्घाटन करेंगे। कॉलोनी को सजाने-संवारने का काम शुक्रवार को जोरों पर होता रहा। क्रेन से बिजली के पुराने खंभे हटाए जा रहे हैं।
अब कबीर नगर का लुक बदल गया है। इसकी झलक केंद्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने ट्विटर के जरिए भी दिखाई है। आठ दिसंबर को ट्वीट में ऊर्जा मंत्री ने लिखा कि कबीर नगर में बिजली के केबल को भूमिगत करने से आया परिवर्तन। कबीर नगर एक मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। ट्वीट में गोयल ने तस्वीरों के जरिए बदलाव को दिखाया है।
देश में यह अपनी तरह की पहली योजना है, जिसके जरिए भूमिगत तार से 3200 घरों तक बिजली पहुंचाई जा रही है। केंद्र की कंपनी पावरग्रिड कारपोरेशन ने यह सारा इंफ्रास्ट्रक्चर पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की ओर से तैयार कराया है। अत्याधुनिक मशीनों और आइसोलेटेड तार से काम पूरा किया गया है। बिजली की बेहतर आपूर्ति के लिए कॉलोनी में नया पावर सब स्टेशन बनाया गया है। अब कॉलोनी के लोगों को प्रधानमंत्री के आने का बेसब्री से इंतजार है।