फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: कहीं सर्वर डाउन तो कहीं यूनिट कटने से नहीं मिला पूरा राशन, सोशल डिस्टेंस का भी नहीं हुआ पालन

Thu, 16 Apr 2020 10:40 AM IST
गीतार्जुन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
भोजूबीर में बैठी महिलाएं। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

सरकार की ओर से प्रति व्यक्ति पांच किलो चावल राशन की दुकानों से देने की शुरुआत बुधवार से हो गई। शहर से लेकर देहात तक कहीं सर्वर डाउन तो कहीं यूनिट में कटौती से कार्डधारकों को पूरा चावल नहीं मिल सका। इसे लेकर राशन दुकानदार और कार्ड धारकों के बीच कहासुनी भी हुई। लेकिन, पुलिस की मौजूदगी के चलते लोगों ने विरोध नहीं किया।

विज्ञापन


कई जगहों पर न तो सामाजिक दूरी का पालन हुआ, न ही हाथ धोने और सैनेटाइजर की व्यवस्था दिखी। कोरोना वायरस से बचाव के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज के तहत प्रति व्यक्ति 5 किलो निशुल्क चावल बांटने की शुरुआत हो गई। जिले के 5.93 लाख राशन कार्ड धारकों को 26 अप्रैल तक सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अगले तीन महीने तक प्रति व्यक्ति प्रति माह पांच किग्रा चावल मुफ्त में दिया मिलेगा। यह सहायता अलग से दी जा रही है। इसका महीने में सामान्य राशन से कोई लेना-देना नहीं है।  

ई पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद दे रहे थे चावल
सरकारी और गैर सरकारी स्थानों पर बायोमेट्रिक उपस्थिति नहीं होने के बावजूद राशन की दुकानों पर ई पॉस मशीन में अंगूठा लगाने पर ही लोगों को चावल दिया जा रहा है। इससे भी कोरोना के फैलने का खतरा हो सकता है। कई जगह पर दुकानदार मशीन को सैनिटाइज करने के बाद अंगूठा का निशान लगवा रहे थे।

विज्ञापन

पैसा मांगे कोटेदार तो इन नंबरों पर करें शिकायत
राशन की दुकान पर यदि कोई कोटेदार राशन देने में आनाकानी करे या फिर चावल का मूल्य मांगे तो तत्काल टोल फ्री नंबर 18001800150 पर शिकायत दर्ज कराएं। इनके अलावा कोविड-19 वार रूम 1077 व विभाग के फोन नंबर 0542 2221939 पर शिकायत दर्ज कराएं। 

जिला आपूर्ति अधिकारी दीपक वार्ष्णेय ने बताया कि जिले में कुल 25.62 लाख यूनिट लोगों को चावल देना है। इसमें पात्र गृहस्थी कार्ड और अंत्योदय कार्डधारक शामिल हैं। अप्रैल, मई, जून महीने 15 से 26 तारीख के बीच प्रति व्यक्ति 5 किलो चावल निशुल्क दिया जाएगा। बगैर बायोमेट्रिक के राशन देना संभव नहीं है। ज्यादातर जगहों पर सर्वर डाउन की समस्या रही। शहर और गांव दोनों मकान से राशन उठा रहे थे, उनका नाम राशन कार्ड से हटा दिया गया है। कटे यूनिट के कार्डधारक आधार कार्ड की फोटो कॉपी अपने क्षेत्र के खाद्य आपूर्ति विभाग के कार्यालय में जमा करा दें। वेरिफिकेशन कर एक्टिवेट करा दिया जाएगा।
विज्ञापन

स्थान - साकेत नगर, समय 8:45 बजे 
राशन की दुकान पर लंबी लाइन लगी थी और सर्वर डाउन था। इसके चलते लोगों को अनाज नहीं मिल पा रहा था। लोग इस आस में वहां काफी देर तक खड़े रहे कि नेटवर्क सही होने पर उन्हें अनाज मिलेगा। स्थानीय बीनू , संजय, विजय, अभिषेक ने बताया कि सर्वर डाउन होने के चलते अनाज मिलने में दिक्कत हो रही है। कई लोग तो वापस घर चले गए। थोड़ी देर बाद नेटवर्क सही नहीं होने पर लोगों को अनाज बांटा गया। 

स्थान - मदनपुरा, समय 9:32 बजे 
हॉट स्पॉट वाले इलाके में पुलिस की मौजूदगी में राशन की दुकान पर लाइन लगी रही। सर्वर डाउन होने के चलते राशन लेने में लोगों को काफी इंतजार करना पड़ा। पुलिस बार-बार लोगों को समझा रही थी कि 26 तारीख तक चावल बंटेगा भीड़ ना लगाएं। बावजूद इसके लोग नहीं मान रहे थे और सर्वर ठीक होने तक लाइन में डटे रहे। क्षेत्र के अब्दुल कादिर, इरफान मिर्जा ने कहा कि हॉट स्पॉट होने के चलते दिक्कतें हैं, जो मिल रहा है उसे लेकर ही जाएंगे। 

स्थान - भोजूबीर, समय 11:15 बजे
चावल लेने के लिए राशन की दुकानों पर खड़े लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान सीता, विनोद, अभिनव ने कहा कि प्रति व्यक्ति पांच किलो अनाज देने की बात कही गई है। हम लोगों को कम दिया जा रहा है। कहा जा रहा है कि आधार जमा नहीं करने के चलते आपकी यूनिट कटी है। लोगों ने आरोप लगाया कि दुकानदार जान बूझकर ऐसा कर रहा है ताकि हम लोगों के हिस्से का अनाज बाद में बेचेगा। हम लोग इसकी शिकायत डीएम से करेंगे। 

स्थान - सरैयां, समय 2:15 बजे
मुस्लिम बहुल इलाके में राशन के लिए लंबी लाइन लगी थी। धूप के चलते गोल घेरे में लोग अपना झोला रखकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। लोगों ने कहा कि बगैर पैसे के पांच किलो प्रति व्यक्ति चावल मिल रहा है। बगैर लिए हम लोग जाएंगे नहीं। लॉकडाउन के चलते बहुत समस्या है। चावल मिल जाएगा तो कम से कम उबालकर नमक मिलाकर खा लेंगे। सरकार को चाहिए चावल के अलावा दाल की भी व्यवस्था करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें