फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी में पीएम बोले- 5 ट्रिलियन इकोनॉमी का लक्ष्य पूरा करेंगे, सवाल उठाने वाले पेशेवर निराशावादी

Sat, 06 Jul 2019 02:53 PM IST
Sayali Maurya न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी - फोटो : ani
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में दो बड़े देशव्यापी अभियान की शुरुआत की। सबसे पहले पीएम मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा का अनावरण किया। पीएम मोदी ने बजट पर चर्चा के साथ ही कविता के द्वारा देश के लोगों में नया जोश भरा। 

विज्ञापन


जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज काशी में देशव्यापी अभियान का शुभारंभ किए। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के परिवार से अनिल शास्त्री, सुनील शास्त्री और सिद्धार्थ नाथ सिंह भी मौजूद रहे। पीएम मोदी सुबह 10.30 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय वायुसेना के विमान से पहुंचे।

जहां पर मौजूद राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, नीलकंठ तिवारी, अनिल राजभर, नवीन कपूर, नीलरतन पटेल, बीपी सरोज, केदारनाथ सिंह, अपराजिता सोनकर, मृदुला जायसवाल आदि लोगों ने पीएम मोदी का स्वागत किया। इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही लाल बहादुर शास्त्री के परिवार के साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाई।
विज्ञापन


 इसके बाद पीएम मोदी हरहुआ स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। वहां पर आनंद कानन की नवग्रह वाटिका में पौधरोपण अभियान की शुरुआत की। पीएम मोदी ने विधि विधान के साथ पौधरोपण किया। पीएम मोदी ने पांच बच्चों और पांच पर्यावरणविद् के साथ मिल कर कुल 21 पौधे लगाए। पीएम मोदी के हरहुआ से निकलते ही बारिश शुरू हो गई।

वीडियो लॉन्च कर पीएम मोदी ने सदस्यता अभियान की शुरुआत की

पीएम मोदी का स्वागत करते सीएम योगी - फोटो : ANI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पौधरोपण अभियान की शुरुआत करने के बाद बड़ा लालपुर स्थित ट्रेड फैसिलिटी सेंटर (TFC) पहुंच गए हैं। टीएफसी यानी दीन दयाल हस्तकला संकुल में पीएम मोदी सदस्यता अभियान की शुरुआत की। वहां पर सबसे पहले भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपनी बात कहनी शुरू की।

जेपी नड्डा ने कहा कि सबसे पहले ये हम सबके लिए बहुत सौभाग्य की बात है कि आज प्रधानमंत्री मोदी अपनी कर्मस्थली से सदस्यता अभियान की शुरुआत करने वाले हैं। साथ ही जेपी नड्डा ने सदस्यता अभियान की विस्तृत जानकारी दी।

दीन दयाल हस्तकला संकुल में पीएम मोदी ने सदस्यता अभियान की शुरुआत वीडियो लॉन्च कर के किया। इस दौरान पीएम मोदी ने पांच समाजसेवियों को सदस्य बनाया। पांचों समाजसेवियों ने 8980808080 पर मिस कॉल कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
 

कविता सुना कर पीएम मोदी ने भरा जोश

पीएम मोदी ने की सदस्यता अभियान की शुरुआत - फोटो : ANI
इसके पीएम मोदी ने हर-हर महादेव के उद्घोष से अपनी बातों की शुरुआत की। इस दौरान पीएम मोदी ने लोगों में जोश भरने वाली एक कविता सुनाई-
"वो जो सामने मुश्किलों का अंबार है, उसी से तो मेरे हौसलों की मीनार है। चुनौतियों को देखकर, घबराना कैसा, इन्हीं में तो छिपी संभावना अपार है। विकास के यज्ञ में जन-जन के परिश्रम की आहुति, यही तो मां भारती का अनुपम श्रृंगार है। गरीब-अमीर बनें नए हिंद की भुजाएं बदलते भारत की, यही तो पुकार है। देश पहले भी चला, और आगे भी बढ़ा अब न्यू इंडिया दौड़ने को तैयार है, दौड़ना ही तो न्यू इंडिया का सरोकार है।"

पीएम मोदी ने बजट पर चर्चा करते हुए कहा कि बजट के बाद टीवी पर और आज अखबारों में एक बात पढ़ी सुनी और देखी होगी- वो है 5 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था। इस फाइव ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य का मतलब क्या है?

एक आम भारतीय की जिंदगी का इससे क्या लेना-देना है, ये आपके लिए, सबके लिए जानना बहुत जरूरी है। क्योंकि कुछ लोग हैं जो हम भारतीयों के सामर्थ्य पर शक कर रहे हैं, वो कह रहे हैं कि भारत के लिए ये लक्ष्य प्राप्त करना बहुत मुश्किल है। बात होगी हौंसले की, नई संभावनाओं की, विकास के यज्ञ की, मां भारती के सेवा की और न्यू इंडिया के सपने की। ये सपने बहुत हद तक फाइव ट्रिलियन इकॉनमी के लक्ष्य से जुड़े हुए हैं।
 

भारतीय अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने पर दिया जोर

पीएम मोदी ने कहा कि पीएम मोदी ने कहा कि, नए संकल्प नए सपने लेकर आगे बढ़ेंगे, अर्थव्यवस्था का लक्ष्य बड़ा होगा तो समृद्धि भी बड़ी होगी। अच्छी आय से जीवन स्तर में बदलाव होता है। एक राष्ट्र के तौर पर हमारे सामूहिक प्रयास हमें पांच वर्ष में पांच ट्रिलियन डॉलर के आर्थिक पड़ाव तक जरूर पहुंचाएंगे। लेकिन कुछ लोग कहते हैं कि इसकी क्या जरूरत है।

ये सब क्यों किया जा रहा है। ये वो वर्ग है जिन्हें हम ‘पेशेवर निराशावादी’ भी कह सकते हैं। आप किसी सामान्य व्यक्ति के पास समस्या लेकर जाएंगे तो वो आपको समाधान देगा। लेकिन पेशेवर निराशावादियों के पास आप समाधान लेकर जाएंगे तो वो उसे समस्या में बदल देंगे। देश को ऐसे नकारात्मक लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है।

पीएम मोदी ने कहा कि बजट में स्टार्ट अप इकोसिस्टम को बल दिया गया है। टैक्स में छूट या फंडिंग से जुड़े मुद्दे, हर पहलू के समाधान का प्रयास किया गया है। बिजली से चलने वाली गाड़ियां बनाने, खरीदने और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

हमारे पास कोयला, सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा और जल ऊर्जा मौजूद है। इनसे बिजली उत्पादन की क्षमता को आधुनिक तकनीक के उपयोग से हम बढ़ा सकते हैं। कचरे से ऊर्जा पैदा करने के अभियान को मजबूती देने के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है।

पीएम मोदी ने कहा कि अंग्रेजी में एक कहावत है कि size of the cake matters, यानि जितना बड़ा केक होगा उसका उतना ही बड़ा हिस्सा लोगों को मिलेगा। अर्थव्यवस्था का लक्ष्य भी जितना बड़ा होगा, देश की समृद्धि उतनी ही ज्यादा होगी।

कृषि क्षेत्र पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि खेती के साथ-साथ ब्लू इकोनॉमी पर भी हम विशेष बल दे रहे हैं। समुद्री संसाधनों और तटीय क्षेत्रों में पानी के भीतर जितने भी संसाधन है, उनके विकास के लिए बजट में विस्तार से बात की गई है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत गहरे समुद्र में मछली पकड़ना, स्टोरेज, उनकी वैल्यू एडिशन को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे मछली के एक्सपोर्ट में हमारी भागीदारी कई गुना बढ़ेगी। जिससे देश को विदेशी मुद्रा भी मिलेगी और मछुआरों को अधिक दाम भी मिल पाएगा।

अब हम किसान को पोषक से आगे निर्यातक के रूप में देख रहे हैं। अन्न, दूध, फल-सब्जी, शहद या फिर ऑर्गेनिक उत्पाद इन सबके निर्यात के लिए हमारे पास भरपूर क्षमता है। इसलिए बजट में कृषि उत्पादों के निर्यात के लिए माहौल बनाने पर विशेष बल दिया गया है।

विज्ञापन

जल संकट के मुद्दे पर भी पीएम ने बात की

जल संकट के मुद्दे पर पीएम मोदी ने कहा कि जल संरक्षण और जल संचयन के लिए पूरे देश को एकजुट होकर खड़ा करने की कोशिश की जा रही है। हमारे सामने पानी की उपलब्धता से भी अधिक पानी की फिजुलखर्ची और बर्बादी बहुत बड़ी समस्या है। लिहाजा घर के उपयोग में या सिंचाई में पानी की बर्बादी को रोकना आवश्यक है।

देश के हर घर को पानी मिल सके इसके लिए जल शक्ति मंत्रालय तो हम बना ही चुके हैं, साथ ही जल शक्ति अभियान भी शुरू किया गया है। इसका बहुत बड़ा लाभ हमारी माताओं-बहनों को मिलेगा जो पानी के लिए अनेक कष्ट उठाती हैं।

पीएम मोदी ने स्वच्छता पर कहा कि स्वच्छता का संबंध स्वास्थ्य से तो है ही सुंदरता से भी है। यहां काशी में भी स्वच्छता और सुंदरता का लाभ हम सभी को देखने को मिल रहा है। गंगा घाट से लेकर सड़कों और गलियों तक में साफ-सफाई के कारण यहां आने वाले पर्यटक अब बेहतर अनुभव कर रहे हैं। हम 21वीं सदी की आवश्यकताओं के अनुसार पूरे देश में इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कर रहे हैं। गांव में उपज के भंडारण के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर, शहरों में आधुनिक सुविधाओं का निर्माण, हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि कुछ साल पहले क्या किसी व्यक्ति ने सोचा था कि 'ईज ऑफ डूइंस बिजनेस' की रैंकिंग में भारत का स्थान 142 से 77 हो जाएगा। प्रत्यक्ष विदेश निवेश को लेकर भी हमने लक्ष्यों को प्राप्त करके दिखाया। भारतीय जनता पार्टी की शक्ति सादगी और सदाचार की रही है। भारतीय परंपरा के ये चिरस्थायी मूल्य हमें विरासत में मिले हैं। अटल जी, आडवाणी जी, जोशी जी सहित अनेक महापुरुषों ने हर स्तर पर भाजपा का नेतृत्व किया है, सबने इन मूल्यों को अपने जीवन का हिस्सा बनाया है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज से जो सदस्यता अभियान शुरू हो रहा है उसके मूल में भी यही भावना है। दल के साथ देश के दूत बनकर हमें काम करना है। सदस्यता अभियान को हम राष्ट्र की प्रगति के लिए विश्वास, दोस्ती और बंधुत्व का मजबूत सूत्र मानते हैं। एक कार्यकर्ता के तौर पर भाजपा का सदस्य होने के नाते अपने आपको हमें कभी कम नहीं आंकना चाहिए। भाजपा का कार्यकर्ता कमाल कर सकता है। आज अगर हमें विजय मिल रही है तो इसके पीछे कार्यकर्ताओं का खून पसीना ही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें