फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आज वाराणसी आ रहे प्रधानमंत्री मोदी, हेलीकॉप्टर से निहारेंगे जगमग काशी का नजारा

Mon, 12 Nov 2018 09:41 AM IST
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,वाराणसी
विज्ञापन
वाजिदपुर की जनसभा के बाद पीएम का हेलीकाप्टर आसमान में लगाएगा चक्कर - फोटो : twitter
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में वाराणसी में जगह-जगह तैयारियां चल रही हैं। शहर के प्रमुख स्थानों को लेकर परियोजना स्थलों तक भव्य सजावट की जा रही है। प्रधानमंत्री काशीवासियों के  इस स्वागत को हेलीकाप्टर से देखेंगे। वाजिदपुर की जनसभा के बाद प्रधानमंत्री का हेलीकाप्टर आसमान में शहर के ऊपर चक्कर लगाएगा।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आठ नवंबर को काशी दौरे में प्रधानमंत्री के भव्य स्वागत के निर्देश दिए थे। ऐसे में प्रशासन ने सरकारी भवनों को फसाड और फोकस लाइट सहित अन्य संसाधनों से सजाया है। इसके अलावा विभिन्न संगठनों से संवाद करके प्रतिष्ठानों और घरों को सजाने की अपील की गई है।

प्रधानमंत्री को काशीवासियों का उत्साह दिखाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से तैयारी है। माना जा रहा है कि वाजिदपुर में जनसभा समाप्त होने तक शाम छह बज जाएंगे और हल्का अंधेरा हो जाएगा। ऐसे में प्रधानमंत्री को काशी में स्वागत के लिए हुई सजावट को आसमान से दिखाया जाएगा।
विज्ञापन

फोरलेन-रिंग पर रोड शो संग वाजिदपुर पहुंचेंगे पीएम

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 नवंबर को जनसभा स्थल वाजिदपुर गांव में बाबतपुर फोरलेन पर रोड शो करते हुए पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री के संभावित रोड शो के मद्देनजर प्रशासन सतर्क हो गया है।
जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री विशेष विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद वहां से हेलीकाप्टर से सीधे रामनगर जाएंगे। रामनगर में आरएन टैगोर जलपोत से आए कंटेनर रिसीव करने और मल्टी मॉडल टर्मिनल देखने के बाद एयरपोर्ट लौट आएंगे। एयरपोर्ट से वह फ्लीट के साथ बाबतपुर फोरलेन होते हुए रिंग रोड और यहीं से सभास्थल पहुंचेंगे। 

 

रामनगर टर्मिनल पर 35 मिनट रुकेंगे पीएम


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार दोपहर ढाई बजे रामनगर के मल्टी मॉडल टर्मिनल पर पहुंचेंगे और लगभग पैंतीस मिनट यहां रुकेंगे। इस दौरान टर्मिनल बिल्डिंग के नजदीक बने विशेष कक्ष में प्रधानमंत्री को दिखाए जाने वाले पांच मिनट के प्रेजेंटेशन में वाराणसी से हल्दिया वाटरवेज-1 के साथ-साथ अन्य जलमार्गों से इसकी कनेक्टिविटी व भविष्य के जलमार्ग विकास की जानकारी दी जाएगी। बांग्लादेश जलसंधि आदि के बारे में बताया जाएगा।  

इसके बाद प्रधानमंत्री जेट्टी के समीप बने मंच पर आएंगे। जहां 52 सेकेंड की एक फिल्म दिखाई जाएगी। फिर प्रधानमंत्री टर्मिनल का अनावरण करेंगे और रिमोट का बटन दबाकर कंटेनर को उठाने की प्रक्रिया शुरू करेंगे। इसके बाद जलपोत पर लदे एक कंटेनर को एक्सपर्ट उठाकर जेट्टी पर रखेंगे। इस दौरान सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। इस बीच रामनगर के राल्हूपुर में नवनिर्मित बंदरगाह पर शनिवार दोपहर 12 बजे पहले जलपोत ने लंगर डाल दिया।

कोलकाता से 28 अक्तूबर को चला रवींद्र नाथ टैगोर नामक जलपोत पेप्सिको के 16 कंटेनर लेकर आया है। बंदरगाह शुरू होने के बाद पूर्वांचल के साथ-साथ बिहार, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड आदि क्षेत्रों के  व्यापारी कम लागत में माल भेज या मंगा सकेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनजर शनिवार को पूरे दिन तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों की आवाजाही के बीच बंदरगाह के संपर्क मार्ग तथा आसपास की सड़कें चमक गई हैं। टर्मिनल पर दो हेलीपैड बनाए गए हैं। एसपीजी ने भी डेरा डाल दिया है।

अधूर काम ढंके, श्रमिकों की छुट्टी

रामनगर के मल्टी मॉडल टर्मिनल के अंदर चल रहे कार्य शनिवार से रोक दिए हैं। श्रमिकों को छुट्टी दे दी गई है। सब स्टेशन और एडमिन बिल्डिंग और अधूरे निर्माण को पर्दे से ढक दिया गया है। उधर, बलुवा घाट पर पानी का जहाज देखने वालों की भीड़ लगी रही। गंगा में पहली बार पानी के विशाल जहाज का लोग फोटो व वीडियो बनाते रहे।  
विज्ञापन

तैयारियों को जानने के लिए अधिकारियों का ताबड़तोड़ दौरा

पीएम के आगमन से पहले परियोजनाओं को अंतिम रूप देने और तैयारियों को पुख्ता करने के लिए मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने दौरा किया। इसमें मौके पर नियुक्त अधिकारियों को निर्देश भी दिया गया। उधर, देर शाम बैठक कर मंडलायुक्त ने अधिकारियों को पीएम के आगमन से 24 घंटे पहले से ही अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में मिली जिम्मेदारी को लेकर संजीदा रहें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें