नौ से 12 मार्च के बीच होगा कार्यक्रम
- फोटो : self
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में अगले महीने दो देशों के राष्ट्राध्यक्ष आएंगे। 12 से 15 मार्च के बीच फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रोन और 22 मार्च को जर्मनी की चांसलर एंजिला मार्केल वाराणसी आएंगी। इन दोनों राष्ट्राध्यक्षों के साथ पीएम मोदी भी आएंगे।
फ्रांस के राष्ट्रपति के कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर बुधवार को फ्रांस का 16 सदस्यीय दल वाराणसी पहुंचा। दल के सदस्यों ने लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रशासनिक अधिकारियों संग बैठक की।
इस दौरान सुरक्षा के तमाम पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। टीम के सदस्य बीएचयू भी गए और वहां सर सुंदरलाल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओपी उपाध्याय से वार्ता की। इसके बाद एक दल एयरपोर्ट से सुरक्षा की जांच कर दिल्ली लौट गया। एक दल रुका हुआ है। इसके सदस्यों की गुरुवार को योगेश्वर राम मिश्र से मुलाकात होगी।
बताया जा रहा है कि फ्रांस के राष्ट्रपति वाराणसी से मिर्जापुर जाएंगे। इस दौरान नौ से ज्यादा हेलीकॉप्टर एयरपोर्ट पर उतरेंगे। वहीं जर्मनी की चांसलर गंगा घाट और सारनाथ का भ्रमण करेंगी। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्ष के आने की जानकारी मिली है। आधिकारिक तौर पर अभी कुछ नहीं बताया गया है।