प्रधानमंत्री के आगमन से पहले बृहस्पतिवार को सपा के 64 नेताओं को पुलिस ने नजरबंद किया। वहीं एक भाजपा नेता को भी नजरबंद किया गया। कई नेता मौके की नजाकत को भांपकर घर छोड़कर चले गए थे। प्रधानमंत्री जब तक एयरपोर्ट नहीं पहुंच गए तब तक इन नेताओं पर पुलिस की नजर रही।
सारनाथ स्थित तिलमापुर के भाजपा नेता नागेश्वर मिश्रा को नजरबंद किया गया। वहीं कांग्रेस के मनीष चौबे को उनके घर पर ही रोका गया। समाजवादी छात्र सभा के निवर्तमान प्रदेश सचिव मनीष यादव और सपा के पूर्व दक्षिणी विधानसभा मनोज यादव को भी नजरबंद किया। पुलिस के अनुसार सपा के 64 नेताओं को नजरबंद किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी एयरपोर्ट के एप्रन पर स्वागत के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मंत्री आशुतोष टंडन, सांसद राधामोहन सिंह, मछली शहर सांसद बीपी सरोज, विधायक अवधेश सिंह, एमएलसी लक्ष्मण आचार्य, एमएलसी अशोक धवन, पूनम मौर्या, मेयर मृदुला जायसवाल, भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री अशोक तिवारी, एडीजी वाराणसी बृजभूषण, मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक अमित कुमार वर्मा ने आगवानी की।
बीएचयू हेलीपैड पर क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने आगवानी की। एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री वायुसेना के विशेष विमान से जाने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी 3:55 बजे राजकीय विमान से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर एफडीए पोर्टल की विसंगतियों सहित कई समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। साथ ही कोरोना काल में की गई सेवाओं के लिए दवा कारोबारियों को योद्धा का दर्जा देने की मांग की। ऑल इंडिया फेडरेशन के पूर्व महामंत्री सुरेश गुप्ता के निर्देशन में पदाधिकारियों ने सर्किट हाउस में मुलाकात के दौरान बताया कि दूसरी लहर में दवा कारोबारियों ने जान की बाजी लगाकर लोगों की सेवा की। इसके बाद भी फार्मासिस्ट के नाम पर अधिकारियों द्वारा उत्पीड़न किया जा रहा है, जो गलत है।
केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन जिला शाखा के अध्यक्ष मनोज खन्ना केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन जिला शाखा के अध्यक्ष मनोज खन्ना ने एफडीए पोर्टल की विसंगतियों से होने वाली समस्याओं के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया। फेडरेशन के कार्यकारी अध्यक्ष संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। कहा कि इसका परिणाम भी जल्द ही दिखने लगेगा।