पूर्वांचल दौरे पर निकले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आजमगढ़ और बनारस के बाद मिर्जापुर पहुंच चुके हैं। यहां जिले के लोगों 3,510 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे। 3,200 करोड़ की बाण सागर परियोजना, 60 करोड़ 29 लाख से तैयार चुनार स्थित पुल का लोकार्पण करेंगे।
इसके अलावा सिटी ब्लॉक के पिपराडाड़ में 250 करोड़ से बनने वाले मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के लिए पूरा प्रशासनिक अमला और भाजपा पदाधिकारी शनिवार की देर रात चंदईपुर में डटे रहे।
विज्ञापन
केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री अनुप्रिया पटेल और सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश के वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल, प्रमुख सचिव सिंचाई टी वैंकटेश ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
साथ ही, डीआईजी पीयूष श्रीवास्तव, जिलाधिकारी अनुराग पटेल, सीडीओ प्रियंका निरंजन को तैयारियों के बारे में दिशा निर्देश दिया। चंदईपुर में भव्य पंडाल बनाया गया है। सभा में एक लाख लोगों को जुुटाने का लक्ष्य है।
इसके लिए भाजपा और अपना दल की टीमें लगी हैं। सभा में जिले के अलावा सोनभद्र, भदोही, इलाहाबाद जमुना पार के लोग भी शामिल होंगे। विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी बुलाया गया है। वाटर प्रूफ पंडाल में 30 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। सभा स्थल के पास ही चार हेलीपैड बनाए गए हैं।
बाण सागर परियोजना का दो जिलों के किसानों को लाभ
पीएम के कार्यक्रम के लिए मंच सजकर तैयार
- फोटो : अमर उजाला
बाण सागर परियोजना से मिर्जापुर में 75309 हेक्टेयर तथा इलाहाबाद में 74823 हेक्टेयर, कुल 1,50,132 हेक्टेयर क्षेत्र की सिंचाई हो सकेगी। परियोजना का कार्य 1997 में प्रारंभ किया गया था। परियोजना की कुल लागत 3420.24 करोड़ है।
इससे 1,70,00 किसान लाभान्वित होंगे। इससे जुड़ी नहरों की कुल लंबाई 171.80 किलोमीटर है। क्षमता 46.46 क्यूसेक पानी की होगी। 25.600 किलोमीटर अदवा मेजा लिंक नहर का निर्माण किया गया है। मेजा जिरगो लिंक नहर 71.130 किलोमीटर तथा मेजा कोटा फीडर 3.577 किलोमीटर नहर निर्माण का कार्य किया जा रहा है।
मिर्जापुर में करीब डेढ़ घंटे रहेंगे मोदी और योगी
modi in varanasi
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 जुलाई को करीब डेढ़ घंटे तक जिले में रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को 10.25 पर डीएलडब्ल्यू वाराणसी से हेलीपैड से मिर्जापुर के लिए रवाना होंगे। वे चंदईपुर स्थित हेलीपैड पर 11.55 बजे पर पहुंचेंगे।
वह 11.15 से 12 बजे तक बाणसागर परियोजना का लोकार्पण और मेडिकल कालेज का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद 12.15 पर वाराणसी के लिए रवाना होंगे। इसी प्रकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 10.50 पर चंदईपुर हेलीपैड पहुंचेंगे।
11 से 12 बजे तक चंदईपुर स्थित कार्यक्रम स्थल पर लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में रहेंगे। इसके बाद 12.15 तक चंदईपुर हेलीपैड से वाराणसी के लिए रवाना होंगे।
चुनार पुल
बालूघाट से मेडिया घाट पर पक्का पुल का शिलान्यास 13 फरवरी 2007 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने किया था। 923.68 मीटर लंबे और 7.5 मीटर चौडे़ इस पुल की लागत उस समय 3945.11 लाख थी लेकिन कार्य में विलंब होने के कारण इस लागत बढ़कर 6029.51 लाख रुपये हो गई। शिलान्यास के समय ही इस पुल का नामकरण क्षेत्र के प्रथम विधायक राजनारायण सिंह के नाम पर राजनारायण सिंह सेतु रखने की घोषणा की गई थी।
250 करोड़ की लागत से बनेगा मेडिकल कालेज
- फोटो : amar ujala
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 जुलाई को दस एकड़ में लगभग 250 करोड़ की लागत से बनने वाले मेडिकल कालेज का शिलान्यास करेंगे। मिर्जापुर जिले के पिपराडाड़ व जिला व महिला चिकित्सालय परिसर में मेडिकल कालेज का निर्माण होना है। मेडिकल कालेज के लिए 500 बेड का चिकित्सालय चाहिए। तीन सौ बेड का मंडलीय चिकित्सालय है, दो सौ बेड की औरजरूरत है।
यह सुविधा दो वर्षों में जिला तथा महिला चिकित्सालय में होगी। केंद्रीय परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने जिले में मेडिकल कालेज निर्माण को मंजूरी दी है। मेडिकल कालेज बनने से जिले के छात्र छात्राओं को पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना होगा। वहीं हार्ट, डायलिसिस, सिटी स्कैन, सर्जरी आदि की सुविधाएं जिले में ही मिलेंगी।
न्यूरो सर्जन, फिजिशियन से लेकर कार्डियोलाजिस्ट समेत अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों समेत लगभग 300 स्टाफ की तैनाती होगी। इंडोस्कोपी की सुविधा होगी। ब्लड बैंक की संख्या बढ़ेगी। साथ ही रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
मेडिकल कालेज को दो भागों में बांटा गया है। नगर के पिपराडाड़ में मेडिकल कालेज बनेगा, जहां पढ़ाई होगी, जबकि मंडलीय चिकित्सालय परिसर में बने 145 बेड के भवन को चिकित्सालय में रूप में स्थापित किया जाएगा।
अपना दल (एस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष सिंह पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 जुलाई को चुनार पुल और बाण सागर परियोजना का लोकार्पण करेंगे।
इसके साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल का प्रयास है कि 600 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इंडियन आयल टर्मिनल तथा लागत 229 करोड़ से नटवां तिराहा मिर्जापुर से लेकर इलाहाबाद बार्डर तक नेशनल हाईवे नंबर 76 के चार लेन में चौड़ीकरण और उच्चीकरण के कार्य का भी शिलान्यास प्रधानमंत्री के हाथों हो। पहाड़ी ब्लॉक के बेलवन नदी और हलिया के कोटा घाट पर बनने वाले पक्का पुल का शिलान्यास कराने का प्रयास होगा।