इसके बाद आयुष्मान भारत, पीएम आवास ग्रामीण और पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को चेक व प्रमाण पत्र देंगे। यहां से पीएम मोदी सड़क मार्ग से ही बरेका गेस्ट हाउस जाएंगे और वहां टिफिन बैठक को संबोधित करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी शहर की सरकार को भी कामकाज का मंत्र देंगे। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए संगठन की कार्ययोजना पर भी चर्चा करेंगे। चर्चा है कि पार्टी की ओर से शिवदासपुर स्थित एक लॉन में टिफिन बैठक का प्रस्ताव दिया गया था। मगर, आम जनता की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय ने टिफिन बैठक बरेका में ही आयोजित करने का निर्णय लिया। पीएम मोदी बरेका में ही रात्रि प्रवास करेंगे। अगले दिन सुबह वे तेलंगाना रवाना हो जाएंगे।
वाराणसी में पीएम मोदी का काफिला
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर फील्ड में 20 आईपीएस के नेतृत्व में 26 एडिशनल एसपी और 50 डिप्टी एसपी तैनात रहेंगे। इसके अलावा 2750 सिपाही, हेड कांस्टेबल, दरोगा और इंस्पेक्टर तैनात रहेंगे। प्रधानमंत्री जिन मार्गों से होकर गुजरेंगे, वहां की बहुमंजिला इमारतों पर रूफ टॉप फोर्स तैनात की जाएगी। सभी रूटों और कार्यक्रम स्थलों पर डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता, अग्निशमन दल और स्थानीय अभिसूचना इकाई के कर्मचारी भी तैनात रहेंगे। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम स्थल और उनका विश्राम स्थल नो फ्लाइंग जोन रहेगा। सभी कार्यक्रम स्थल सीसी कैमरों की निगरानी में रहेंगे।
वाराणसी में पीएम मोदी (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात जुलाई को काशी की धरा से पूर्वांचल को 12 हजार करोड़ रुपये लागत की 29 परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र की जनता की सुख सुविधाओं से जुड़ी कई परियोजनाओं से काशी नए कलेवर में नजर आएगी। मोक्षधाम मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र का पुनर्विकास होगा और घाटों पर जेटी निर्माण से सुरक्षित गंगा स्नान के साथ जल परिवहन भी सुलग होगा। पीएम हजारों करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं के साथ ही आवास, सुरक्षा, यातायात सहित हर क्षेत्र में जनता की सहूलियत से जुड़ी परियोजनाओं की सौगात देंगे।