कल आएंगे रेल मंत्री
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी सात नवंबर को ही काशी आ जाएंगे। वह बनारस रेलवे स्टेशन जाकर वंदेभारत के शुभारंभ समारोह की तैयारियों की जायजा लेंगे। साथ ही वंदेभारत से खुजराहो तक की यात्रा भी करेंगे।
प्लेटफॉर्म 6-7 पर लगाई गईं कुर्सियां, अतिथि देख सकेंगे कार्यक्रम
बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 से खजुराहो जाने वाली नई वंदेभारत एक्सप्रेस को रवाना किया जाना है। प्रधानमंत्री, रेल मंत्री व मुख्यमंत्री सहित अन्य वीवीआईपी प्लेटफॉर्म 8 पर रहेंगे। अन्य अतिथियों को प्लेटफाॅर्म नंबर 6-7 पर बैठाया जाएगा। यहां बुधवार की शाम तक कुर्सियां रखवा दी गई हैं। यहीं पर अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
कल आएंगे रेलमंत्री, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और अन्य अधिकारी
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शुक्रवार की दोपहर में बनारस आ जाएंगे। यहां आने के बाद रेलमंत्री बनारस रेलवे स्टेशन पर नई वंदेभारत एक्सप्रेस को देखेंगे और इसके उदघाटन समारोह की तैयारियों का जायजा भी लेंगे। इस दौरान रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार, महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर, डीआरएम आशीष जैन सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
स्कूलों में निबंध, चित्रकारी, कविता प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा
पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से बनारस से चार नई वंदेभारत एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम को देखते हुए विद्यालयों में ‘विकसित बनारस एवं आत्मनिर्भर भारत‘ विषय पर निबंध, पेंटिंग (चित्रकारी) एवं कविता प्रतियोगिता करवाई जा रही है। इसमें कक्षा 6 से 8 और 9 से 12 तक के 1,200 छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसमें केंद्रीय विद्यालय(केवी) 39 जीटीसी, केवी कंचनपुर, केवी बरेका,सेंट्रल हिन्दू गर्ल्स स्कूल, कमच्छा के विद्यार्थी शामिल हुए।