वाराणसी में पीएम मोदी की जनसभा
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार एक परिवार के लिए योजना नहीं बनाती है। पीढियों की सुविधा व लोगों के भविष्य ख्याल रखा जाता है। देश के चार करोड़ से ज्यादा परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल चुका है। सब पक्के मकान में रह रहे हैं। शुक्रवार को सावन में उत्तर प्रदेश के साढ़े चार लाख परिवारों के प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। जिन्हें लाभ मिला है, उन सब पर महादेव की कृपा है। पक्के आवास से घर के मुखिया की चिंता खत्म हो जाती है। पहले की सरकारों को इन सबसे मतलब नहीं रहता था।
वाराणसी में पीएम मोदी की जनसभा
- फोटो : सोशल मीडिया
अपने संसदीय क्षेत्र काशी आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी, पूर्वांचल व यूपी को समर्पित 12,110 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। पीएम ने कहा कि पहले कार्यालय में बैठकर योजनाएं बनाई जाती थीं। जमीन पर कोई काम नहीं होता था। भाजपा सरकार ने नई परंपरा की शुरूआत की है। लाभार्थियों से बात की जाती है, फिर जमीन पर काम होता है। अधिकारी व कर्मचारी भी साफ नियत से काम करते हैं। अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। लोकतंत्र में पहली बार जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावी तरीके से हुआ है।
वाराणसी में पीएम मोदी की जनसभा
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री ने कहा कि सामाजिक न्याय की सही गारंटी भाजपा सरकार ने दी है। गरीब, वंचितों का देश के संसाधनों पर सबसे बड़ा हक है, यह सोच भाजपा सरकार ने विकसित की है। देश में अब तक 50 करोड़ जन धन एकाउंट खोले गए हैं। मुद्रा लोन के जरिये छोटे कारोबारियों को सशक्त बनाया गया है। उत्तर प्रदेश में ही करोड़ों लाभार्थी हैं, जिन्हें पचास हजार से दस लाख रुपये तक मुद्रा लोन मिला है। गरीब, एससी, एसटी, पिछड़े, आदिवासी व महिलाओं को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई गई हैं। इसका लाभ भी सबको मिल रहा है।
प्रधानमंत्री के रूप में नौ वर्षों का कार्यकाल पूरा होने और निकाय चुनाव के बाद आए पीएम मोदी ने वाराणसी की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि काशी की जनता ने नगर निगम चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाई है। विकास को पसंद किया है। विकास की सोच रखने वाली भाजपा पर स्नेह बरसाया है। काशी के सांसद के रूप में जनता का आभारी हूं। यही स्नेह बरसाए रखना है।