नोटबंदी के ऐतिहासिक फैसले के बाद पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र में आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे मूड में थे। गुरुवार को सर्वविद्या-ज्ञान की राजधानी बीएचयू में काशी महिमा उनकी जुबां पर थी और चेहरे पर सहज आत्मविश्वास के भाव।
बुद्धिजीवियों, कलाकारों और युवा पीढ़ी के बीच उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि मैं काशी का बच्चा हूं। नोटबंदी का इतना बड़ा फैसला मैं काशी के आशीर्वाद और बाबा विश्वनाथ की शक्ति के बल पर ले पाया।
इसके साथ ही उन्होंने सफाई अभियान के बाद काला धन और भ्रष्टाचार को फिर से न पनपने देने के लिए सभी से सहयोग देने की अपील की। क्रीम कलर के कुर्ते, काली जैकेट के साथ कंधे पर शाल रखे पीएम 10:06 बजे स्वतंत्रता भवन पहुंचे तो वहां मौजूद करीब दो हजार लोगों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया।
महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर और अत्याधुनिक शताब्दी सुपर स्पेशियलिटी सेंटर के शिलान्यास के बाद वह नोटबंदी पर बोले। पीएम मोदी ने कहा, लोग कहते हैं कि इतना बड़ा फैसला मोदी ने कैसे लिया होगा।
बताया, कालेधन और भ्रष्टाचार की दुर्गंध की सफाई का बीड़ा मैंने काशी के आशीर्वाद से उठाया है। काशी की जनता ने मुझे पाला-पोसा है। मेरे ऊपर इस धरती का आशीर्वाद है। जनता-जनार्दन ईश्वर का रूप है। नोटबंदी के बाद कष्ट सहने वाले सवा सौ करोड़ देशवासियों का भी उन्होंने आभार जताया। कहा कि इस घड़ी में धैर्य रखने वाले देशवासियों का जिनता नमन करें कम है।